सैफई में अखिलेश ने खेली होली, बोले- मन से भी बहुरंगी रहें, युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई में परिजनों और समर्थकों संग होली मनाई। महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग को देश की पहचान बताया और युद्ध के खिलाफ दिया बड़ा बयान।
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में रंगों के पर्व की धूम के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पैतृक गांव सैफई में परिवार और समर्थकों के साथ होली मनाई। रंग-गुलाल के बीच उन्होंने देश, समाज और विश्व शांति को लेकर कई अहम संदेश दिए।
गांधी के रास्ते पर चलने की अपील
होली मिलन समारोह के दौरान सपा प्रमुख ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। इस मार्ग को केवल भारत ने ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों ने अपनाया और उससे आजादी की राह पाई। उन्होंने कहा कि भारत वह देश है जिसने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया। ‘जियो और जीने दो’ की भावना यहीं से निकली और इसे केवल विचार नहीं, बल्कि धर्म मानकर समाज को नई दिशा दी गई।
भाईचारा ही हिन्दुस्तानियत की पहचान
कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा समाज जितना खूबसूरत है, उतनी ही बेहतरीन हमारी हिन्दुस्तानियत है। भाईचारा ही हमें एक सूत्र में बांधकर रखता है। उन्होंने कहा कि हर त्योहार अन्याय के खिलाफ जीत का संदेश देता है। जब बुराई और पाप का अंत होता है, तब उत्सव मनाया जाता है। होली भी इसी परंपरा का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट करती है।
“मन से भी बहुरंगी रहें”
अखिलेश यादव ने कहा कि रंगों का ऐसा त्योहार दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलता। भारत की होली विविधता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हम केवल रंगों से ही नहीं, बल्कि मन से भी बहुरंगी रहें। विविध विचारों और संस्कृतियों को अपनाकर ही समाज मजबूत बनता है।
युद्ध के खिलाफ सपा का रुख
सैफई में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने वैश्विक हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि आज तकनीक के बहाने लड़ाइयां लड़ी जा रही हैं। एक देश के राष्ट्रपति की बैठक के दौरान बमबारी की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में अभी भी युद्ध जारी है और उसके प्रभाव आम लोगों पर पड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी और समाजवादी विचारधारा कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं रही है। कहीं भी युद्ध हो, पार्टी उसका विरोध करती है। उनका कहना था कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
होली समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मन से बहुरंग रहें। सैफई में हुए इस कार्यक्रम के जरिए सपा प्रमुख ने जहां एक ओर होली का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर देश और दुनिया को शांति, भाईचारे और अहिंसा का संदेश भी दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
