अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर विवादित पोस्ट से गरमाई सियासत, सपा नेता बोले - राम मंदिर के सवालों से ध्यान भटकाने की कोशिश
राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट नया राजनीतिक मुद्दा बन गए हैं। सपा नेताओं ने इसे परिवार और महिलाओं की गरिमा पर हमला बताते हुए FIR की मांग की है। आखिर पूरा विवाद क्या है और इस पर सियासत क्यों तेज हो गई है?
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच अब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव का नाम भी सियासी विवाद के केंद्र में आ गया है। दरअसल सोशल मीडिया पर अदिति यादव की निजी जिंदगी से जुड़े कुछ दावों और पोस्टों वायरल हो रहे हैं , जिसको लेकर सपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा नेताओं का आरोप है कि राजनीतिक सवालों का जवाब देने के बजाय विरोधियों द्वारा परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।
राम मंदिर मुद्दे से जुड़ा बता रही सपा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने इस पूरे विवाद को राम मंदिर चढ़ावा मामले से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबी पोस्ट और वीडियो जारी कर कहा कि जब अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सवाल उठाए, तब आरोपों का जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत हमलों की राजनीति शुरू कर दी गई। पवन पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव के परिवार पर लगाए जा रहे आरोप केवल एक राजनीतिक परिवार पर हमला नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी, बहन और मां के सम्मान से जुड़ा मुद्दा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाले लोग ही सोशल मीडिया पर उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत हमलों में बदलना स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
सपा सांसदों और नेताओं ने भी जताई नाराजगी
सपा सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि किसी महिला या बेटी के खिलाफ मनगढ़ंत कहानियां फैलाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चरित्र पर कीचड़ उछालना आसान है, लेकिन समाज ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करता। वहीं, घोसी से सांसद राजीव राय ने भी इस मामले को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियां राजनीतिक शालीनता की सीमाओं को पार करती दिखाई दे रही हैं। वहीं सपा प्रवक्ता नाहिद लारी खान ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक मतभेद का असर परिवार और महिलाओं पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह सार्वजनिक जीवन की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने लोगों से राजनीतिक बहस को मुद्दों तक सीमित रखने की अपील भी की।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत
विवाद बढ़ने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उन्होंने संबंधित पोस्टों के स्क्रीनशॉट और अन्य सामग्री पुलिस को उपलब्ध कराई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी की छवि खराब करने और व्यक्तिगत आरोप लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को गंभीरता से देख रही है और कानूनी विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
