WhatsApp Plus लॉन्च: अब चैटिंग होगी ज्यादा स्टाइलिश, मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स और नए थीम
मेटा जल्द WhatsApp Plus प्रीमियम सब्सक्रिप्शन फीचर लॉन्च करने जा रहा है। इसमें कस्टम थीम, नए स्टिकर, ऐप आइकन और ज्यादा चैट पिन जैसे फीचर्स मिलेंगे।
व्हाट्सएप यूजर्स के लिए जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मेटा अब “व्हाट्सएप प्लस” नाम का नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन फीचर ला रहा है, जिससे चैटिंग का अनुभव पहले से ज्यादा पर्सनल और स्टाइलिश हो जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार इस फीचर की टेस्टिंग पहले कुछ एंड्रॉयड यूजर्स के लिए की गई थी और अब इसे धीरे-धीरे आईफोन यूजर्स तक भी पहुंचाया जा रहा है। नए प्लान में यूजर्स को कस्टम थीम, खास स्टिकर, नए ऐप आइकन और ज्यादा चैट पिन करने जैसे कई प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे। कंपनी का कहना है कि यह फीचर ऐप को ज्यादा आकर्षक और आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।
क्या है WhatsApp Plus?
व्हाट्सएप प्लस एक वैकल्पिक मासिक सब्सक्रिप्शन प्लान है। इसे खास तौर पर उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो अपने व्हाट्सएप इंटरफेस को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज करना चाहते हैं। फिलहाल यह फीचर केवल व्हाट्सएप मैसेंजर के लिए टेस्ट किया जा रहा है और बिजनेस अकाउंट यूजर्स को अभी इसका फायदा नहीं मिलेगा। मेटा ने साफ किया है कि जो लोग इस सब्सक्रिप्शन को नहीं लेना चाहते, वे पहले की तरह सामान्य चैटिंग और कॉलिंग का इस्तेमाल करते रहेंगे। यानी यह फीचर पूरी तरह ऑप्शनल होगा।
यूजर्स को मिलेंगे कई नए फीचर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाट्सएप प्लस में 18 अलग-अलग कलर थीम दी जाएंगी, जिनसे पूरा ऐप इंटरफेस बदला जा सकेगा। इसके अलावा 14 नए ऐप आइकन भी मिलेंगे, जिनमें ब्लैक एंड व्हाइट और कई नए डिजाइन शामिल होंगे। यूजर्स को एक्सक्लूसिव स्टिकर पैक भी दिए जाएंगे जिनमें एनिमेटेड इफेक्ट होंगे। अभी सामान्य यूजर्स केवल तीन चैट पिन कर सकते हैं, लेकिन प्रीमियम यूजर्स को 20 चैट तक पिन करने की सुविधा मिल सकती है।
चैट मैनेजमेंट और रिंगटोन में भी बदलाव
व्हाट्सएप प्लस में चैट मैनेजमेंट को भी ज्यादा स्मार्ट बनाया जाएगा। इसमें 10 खास रिंगटोन दी जा सकती हैं, जिनमें फ्लटर, टेम्पो और रिपल जैसे विकल्प शामिल होंगे। यूजर्स पूरी चैट लिस्ट पर एक साथ थीम और नोटिफिकेशन सेट कर सकेंगे।
कितनी होगी कीमत?
रिपोर्ट्स के अनुसार यूरोप में इसकी कीमत करीब 2.49 यूरो यानी लगभग 279 रुपये प्रति महीना हो सकती है। कुछ यूजर्स को फ्री ट्रायल भी मिल सकता है। फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग फेज में है और आने वाले समय में ज्यादा यूजर्स तक पहुंच सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
