OpenAI और Anthropic को टक्कर देने की तैयारी में Meta, जल्द आ सकता है नया AI एजेंट ‘Hatch’
खबरों के मुताबिक, मेटा एक नए एआई एजेंट पर काम कर रहा है जिसका नाम हैच (Hatch) और यह ओपनएआई के चैटजीपीटी प्रो (ChatGPT Pro) और एंथ्रोपिक के क्लाउड मैक्स (Claude Max) को टक्कर दे सकता है। प्रीमियम वर्जन की कीमत लगभग 200 डॉलर प्रति माह हो सकती है और इसमें उन्नत टास्क ऑटोमेशन फीचर्स उपलब्ध होंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ती जा रही है और अब लगभग हर बड़ी टेक कंपनी इस क्षेत्र में भारी निवेश कर रही है। इसी कड़ी में Meta भी अपनी AI रणनीति को तेजी से आगे बढ़ा रही है। कंपनी लंबे समय से AI मॉडल्स और नई तकनीकों पर काम कर रही है, लेकिन लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs) की दौड़ में उसे OpenAI और Anthropic जैसे बड़े खिलाड़ियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Meta एक नए AI एजेंट ‘Hatch’ पर काम कर रही है, जो भविष्य में इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है।
क्या है AI Agent और कैसे करता है काम?
AI एजेंट एक ऐसा स्मार्ट सिस्टम होता है जो यूजर की ओर से कई काम खुद कर सकता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रोजेक्ट की कोडिंग करनी हो, प्रेजेंटेशन का ड्राफ्ट तैयार करना हो या अन्य डिजिटल कार्य पूरे करने हों, तो AI एजेंट निर्देश मिलने के बाद उन कामों को स्वचालित रूप से पूरा कर सकता है। यही कारण है कि AI एजेंट्स को तकनीक की अगली बड़ी क्रांति माना जा रहा है। कंपनियां अब ऐसे टूल विकसित कर रही हैं जो केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित न रहें, बल्कि वास्तविक कार्यों को भी अंजाम दे सकें।
Meta का ‘Hatch’ क्या करेगा?
रिपोर्ट्स के अनुसार, Hatch को OpenClaw AI एजेंट टूल का उपभोक्ता संस्करण माना जा रहा है। यह ऐसा AI एजेंट होगा जो यूजर के डिवाइस पर काम करते हुए कई तरह के कार्य कर सकेगा। या जा रहा है कि इसकी मदद से उपयोगकर्ता सॉफ्टवेयर टूल बना सकेंगे, कैलेंडर में इवेंट शेड्यूल कर सकेंगे और ईमेल भेजने जैसे कई काम आसानी से कर पाएंगे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Hatch का परीक्षण फिलहाल Anthropic के Claude Sonnet मॉडल पर किया जा रहा है। हालांकि लॉन्च के समय इसके Meta के Muse Spark AI मॉडल पर चलने की उम्मीद है।
प्रीमियम प्लान की कीमत 200 डॉलर तक हो सकती है
रिपोर्ट के मुताबिक Meta अपने प्रीमियम Hatch वर्जन के लिए 199.99 डॉलर प्रति माह यानी लगभग 19 हजार रुपये तक शुल्क ले सकती है। यह कीमत ChatGPT Pro और Claude Max जैसे प्रीमियम AI प्लान्स के बराबर होगी, जिनकी मासिक फीस भी लगभग 200 डॉलर है। इसके अलावा Hatch Plus नाम का एक पेड सब्सक्रिप्शन भी पेश किया जा सकता है। दावा है कि यह फ्री वर्जन की तुलना में 5 से 10 गुना अधिक दैनिक क्षमता उपलब्ध कराएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह सेवा भारत में लॉन्च होगी या नहीं, और यदि होगी तो इसकी कीमत क्या रखी जाएगी।
लॉन्च टाइमलाइन को लेकर क्या है जानकारी?
रिपोर्ट्स के अनुसार Meta ने शुरुआत में अप्रैल में अमेरिकी बाजार में लॉन्च का लक्ष्य तय किया था। हालांकि मई में सामने आए एक आंतरिक मेमो से संकेत मिला कि कंपनी पहले लगभग 10 कंपनियों को Hatch का एक्सेस देना चाहती है। इसके बाद जुलाई में बड़े स्तर पर लॉन्च की योजना बताई गई है। हालांकि कंपनी की रणनीति और विकास प्रक्रिया के आधार पर यह समयसीमा बदल भी सकती है। यदि Hatch सफल होता है, तो यह AI एजेंट्स के क्षेत्र में OpenAI और Anthropic के लिए एक नई चुनौती बन सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
