जाइए और ट्रायल्स खेलिए… सुप्रीम कोर्ट से विनेश फोगाट को बड़ी राहत, एशियन गेम्स का रास्ता साफ
Vinesh Phogat: सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के सेलेक्शन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। WFI की चुनौती के बावजूद कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। अब विनेश 30 और 31 मई को होने वाले ट्रायल्स में भाग लेकर एशियन गेम्स का टिकट हासिल करने की कोशिश करेंगी।
Asian Games 2026: भारत की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 से पहले बड़ी कानूनी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के सेलेक्शन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। अदालत ने साफ कहा कि वह इस मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं कर रही है और विनेश ट्रायल्स में भाग ले सकती हैं। इस फैसले के बाद विनेश के लिए एशियन गेम्स में जगह बनाने का रास्ता फिर से खुल गया है। अब उनकी नजर ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने पर होगी। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान में होना है।
दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई मुहर
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी विनेश फोगाट को ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दी थी। हालांकि WFI यानी भारतीय कुश्ती महासंघ ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। इसके बाद 29 मई को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा।सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि विनेश फोगाट को तय कार्यक्रम के अनुसार एशियन गेम्स के सेलेक्शन ट्रायल्स में भाग लेने दिया जाए। अदालत की इस टिप्पणी के बाद साफ हो गया कि अब विनेश 30 और 31 मई को होने वाले ट्रायल्स में हिस्सा ले सकेंगी।
WFI और विनेश फोगाट के बीच क्यों शुरू हुआ विवाद?
विनेश फोगाट और WFI के बीच विवाद मई महीने की शुरुआत से चल रहा है। भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश को 26 जून तक किसी भी घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोक दिया था। महासंघ का कहना था कि विनेश ने एंटी डोपिंग नियमों के तहत रिटायरमेंट से वापसी के लिए जरूरी 6 महीने का नोटिस पूरा नहीं किया है। इसी वजह से उन्हें गोंडा में आयोजित राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भी भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद विनेश ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और पहले दिल्ली हाईकोर्ट, फिर सुप्रीम कोर्ट से राहत हासिल की।
अब ट्रायल्स में प्रदर्शन पर टिकी निगाहें
सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब सभी की नजर विनेश फोगाट के प्रदर्शन पर रहेगी। अगर वह ट्रायल्स में अच्छा प्रदर्शन करती हैं, तो एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आ सकती हैं। खेल जगत में इस फैसले को विनेश के लिए बड़ी राहत और करियर के लिहाज से अहम मोड़ माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
