तमिलनाडु में विजय का धमाका… 14 दिन के अंदर बंद होंगी 717 शराब की दुकानें, क्या 10 लाख करोड़ के कर्ज से उबर पाएगा राज्य?
Tamil Nadu CM Vijay: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने शपथ लेते ही बड़ा फैसला लिया है। राज्य में मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंड के पास चल रही 717 सरकारी शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया गया है। साथ ही 200 यूनिट फ्री बिजली और नशा विरोधी यूनिट की भी घोषणा हुई है।
तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सत्ता संभालते ही बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। अभिनेता से नेता बने विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ घंटों के भीतर ही राज्यभर में चल रही सरकारी शराब दुकानों को लेकर बड़ा आदेश जारी कर दिया। सरकार ने मंदिरों, मस्जिदों, चर्चों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टैंड के पास स्थित 717 TASMAC शराब दुकानों को बंद करने का फैसला लिया है। इस फैसले को नई सरकार सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम बता रही है। विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कज़गम’ यानी TVK ने हाल ही में हुए चुनाव में बड़ी जीत हासिल की थी और अब गठबंधन सरकार के साथ राज्य की सत्ता संभाल रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय लगातार ऐसे फैसले ले रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों पर पड़ सकता है।
दो हफ्ते के अंदर बंद होंगी 717 शराब दुकानें
सरकार की ओर से मंगलवार को अधिकारियों को आदेश जारी किया गया कि अगले 2 हफ्तों के भीतर उन सभी TASMAC शराब दुकानों को बंद किया जाए, जो 500 मीटर के दायरे में पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड के पास चल रही हैं। तमिलनाडु सरकार के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में फिलहाल कुल 4,765 TASMAC दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें से 717 दुकानों को बंद करने के लिए चुना गया है। बंद होने वाली दुकानों में 276 दुकानें मंदिर, मस्जिद और चर्च के पास हैं। वहीं 186 दुकानें स्कूल और कॉलेजों के नजदीक हैं, जबकि 255 दुकानें बस स्टैंड के आसपास स्थित हैं।
सरकार ने इसे बताया सामाजिक सुधार का कदम
नई सरकार का कहना है कि संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों के पास शराब की दुकानों को लेकर लंबे समय से लोगों में नाराजगी थी। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का दावा है कि इससे सामाजिक माहौल बेहतर होगा और युवाओं पर गलत असर कम पड़ेगा।
200 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
51 साल के विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनकी पार्टी TVK को चुनाव में ऐतिहासिक सफलता मिली। हालांकि पूर्ण बहुमत नहीं मिलने के कारण पार्टी ने कांग्रेस, वामपंथी दलों, VCK और मुस्लिम लीग के समर्थन से गठबंधन सरकार बनाई। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को भी मंजूरी दी। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल बनाने का फैसला लिया गया है। राज्य में बढ़ते नशीले पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए हर जिले में एंटी-ड्रग यूनिट बनाने का भी ऐलान किया गया।
DMK पर साधा निशाना, जारी होगा श्वेत पत्र
शपथ लेने के बाद अपने पहले संबोधन में मुख्यमंत्री विजय ने पिछली DMK सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2021 से 2026 के बीच राज्य की आर्थिक स्थिति पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाएगा। विजय ने कहा कि तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज हो चुका है और सरकारी खजाना लगभग खाली हो गया है। उनके अनुसार, राज्य की मौजूदा आर्थिक स्थिति जनता के सामने लाना जरूरी है, ताकि लोगों को सही हालात की जानकारी मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
