कुत्ते के चाटने से हुआ सेप्सिस, महिला के दोनों हाथ-पैर काटने पड़े, जानिए कितना खतरनाक है यह संक्रमण

ब्रिटेन की एक महिला को उसके पालतू कुत्ते द्वारा घाव चाटने के बाद गंभीर सेप्सिस हो गया, जिसके परिणामस्वरूप उसके हाथ और पैर काटने पड़े। लक्षणों और सावधानियों के बारे में जानें।

Feb 24, 2026 - 09:21
 0
कुत्ते के चाटने से हुआ सेप्सिस, महिला के दोनों हाथ-पैर काटने पड़े, जानिए कितना खतरनाक है यह संक्रमण

पिछले कुछ वर्षों में घरों में पालतू कुत्ते रखने का चलन तेजी से बढ़ा है। कुत्तों को इंसान का सबसे वफादार साथी माना जाता है। लोग उनके साथ खेलते हैं, उन्हें दुलारते हैं और कई बार कुत्ते प्यार जताने के लिए मालिक को चाटते भी हैं। लेकिन ब्रिटेन में घटी एक घटना ने सभी को चौंका दिया है। 52 वर्षीय मनजीत संघा को अपने पालतू कुत्ते के चाटने से गंभीर संक्रमण हो गया, जो आगे चलकर सेप्सिस में बदल गया। हालात इतने बिगड़े कि डॉक्टरों को उनके दोनों हाथ और दोनों पैर काटने पड़े।

कैसे बिगड़ी हालत
जुलाई 2025 में एक दिन मनजीत संघा काम से घर लौटीं तो उन्हें हल्की तबीयत खराब महसूस हुई। अगले दिन उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। वे बेहोश हो गईं, हाथ-पैर ठंडे पड़ गए, होंठ नीले हो गए और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सेप्सिस की पुष्टि की। इलाज के दौरान उन्हें छह बार कार्डियक अरेस्ट आया। संक्रमण रोकने के लिए घुटनों के नीचे से दोनों पैर और दोनों हाथ काटने पड़े। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर मौजूद एक छोटी खरोंच को कुत्ते ने चाटा था। कुत्तों की लार में पाए जाने वाले कैपनोसाइटोफेगा कैनिमोरसस बैक्टीरिया से यह संक्रमण हुआ।

सेप्सिस क्या है?
सेप्सिस एक जानलेवा स्थिति है। इसमें शरीर का इम्यून सिस्टम किसी संक्रमण के खिलाफ जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया करता है। इससे पूरे शरीर में सूजन फैल जाती है और स्वस्थ अंग भी प्रभावित हो सकते हैं। गंभीर स्थिति में यह सेप्टिक शॉक का रूप ले सकता है, जिसमें ब्लड प्रेशर बहुत कम हो जाता है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती। इससे मल्टी ऑर्गन फेल्योर का खतरा बढ़ जाता है।

लक्षण और कारण
सेप्सिस के लक्षणों में तेज या बहुत कम बुखार, तेज धड़कन, सांस लेने में दिक्कत, कम पेशाब, अत्यधिक थकान, त्वचा पर लाल या गहरे धब्बे, लो ब्लड प्रेशर, ठंड लगना और तेज दर्द शामिल हैं। फेफड़ों का संक्रमण, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन, पेट या आंत का संक्रमण, त्वचा का संक्रमण और दिमाग या रीढ़ का संक्रमण इसके कारण हो सकते हैं।

क्या सावधानी रखें
अगर शरीर पर कट या खरोंच हो तो पालतू जानवर को वहां चाटने न दें। किसी भी घाव को तुरंत साफ कर ढकें। बुखार या अचानक कमजोरी को नजरअंदाज न करें। पालतू जानवरों के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।