विराट की चमक, रजत की कप्तानी में गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार जीता IPL खिताब
RCB Champion Again: आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर आरसीबी ने इतिहास रचते हुए अपना टाइटल सफलतापूर्वक डिफेंड किया।
RCB IPL 2026 Champion: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने वह कर दिखाया जिसका उसके प्रशंसकों को लंबे समय से इंतजार था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ बेंगलुरु आईपीएल इतिहास में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले यह उपलब्धि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस हासिल कर चुकी हैं।
गेंदबाजों ने गुजरात को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत शानदार रही। जॉश हेजलवुड ने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को सिर्फ 10 रन पर आउट कर बड़ा झटका दिया। इसके बाद साई सुदर्शन भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जोस बटलर पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन क्रुणाल पंड्या ने उन्हें भी चलता कर दिया। गुजरात की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने संघर्ष करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बना सकी। आरसीबी के लिए युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट झटके। क्रुणाल पंड्या को भी 1 सफलता मिली।
विराट कोहली ने खेली मैच जिताऊ पारी
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद राशिद शान ने एक ही ओवर में रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या को आउट कर मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया। हालांकि विराट कोहली ने एक छोर संभालकर रखा और टीम को जीत की राह पर बनाए रखा। टिम डेविड ने भी 17 गेंदों में 24 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। आखिर में विराट कोहली ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
चेन्नई और मुंबई के खास क्लब में शामिल हुई RCB
इस शानदार जीत के साथ आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में अपना नाम और मजबूत कर लिया है। 2025 में पहला खिताब जीतने वाली बेंगलुरु की टीम ने 2026 में भी अपना दबदबा कायम रखा और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास रच दिया। रजत पाटीदार की कप्तानी, गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और विराट कोहली की बेहतरीन बल्लेबाजी ने इस जीत को यादगार बना दिया। अब आरसीबी उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गई है जिन्होंने अपने आईपीएल खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
