पाकिस्तान के क्वेटा में बड़ा धमाका, पटरी से उतरी ट्रेन 23 लोगों की मौत, 47 घायल
Pakistan Train Blast: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रेलवे ट्रैक के पास हुए बड़े धमाके में 23 लोगों की मौत हो गई और 47 घायल हो गए। विस्फोट के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई और कई डिब्बे पलट गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रेलवे ट्रैक के पास हुए बड़े धमाके ने पूरे इलाके को हिला दिया। इस विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। विस्फोट के कारण एक ट्रेन भी पटरी से उतर गई। घटना के बाद इलाके में गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
रेलवे ट्रैक पर हुआ धमाका
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रेन क्वेटा कैंट इलाके की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे लाइन पर जोरदार विस्फोट हुआ। रेल अधिकारियों ने बताया कि क्वेटा कैंट से आने वाली शटल ट्रेन को चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया। धमाके के कारण इंजन समेत ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए। पार्किंग में खड़ी करीब 10 गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट का असर इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां तक टूट गईं।
पूरे इलाके को घेरा गया
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका कैसे हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
बलूचिस्तान में पहले भी होते रहे हैं हमले
बलूचिस्तान पाकिस्तान का संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियां होती रही हैं। कई संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और बलूचिस्तान की आजादी की मांग करते रहे हैं। घटना के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है।
रेल मंत्री ने हमले की निंदा की
पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कायराना आतंकी हमला बताया और कहा कि ऐसे हमले पाकिस्तान के हौसले को कमजोर नहीं कर सकते। रेल मंत्री ने बताया कि फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ट्रक और राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई है। उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है और कहा कि पाकिस्तान रेलवे की सेवाएं जारी रहेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
