प्रतापगढ़ में रीलबाजी के चक्कर में पति बना बाहुबली, मंदिर के घाट पर पत्नी समेत बाइक को उठाया, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

प्रतापगढ़ के बेल्हा देवी मंदिर घाट पर सोशल मीडिया रील बनाने के लिए किए गए एक खतरनाक स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। धार्मिक स्थल पर फिल्मी अंदाज में बाइक के साथ किए गए इस स्टंट ने लोगों की सुरक्षा और सोशल मीडिया की बढ़ती दीवानगी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और अब स्टंट करने वाले युवक पर कार्रवाई की तैयारी है।

Jun 17, 2026 - 14:13
Jun 17, 2026 - 14:51
 0
प्रतापगढ़ में रीलबाजी के चक्कर में पति बना बाहुबली, मंदिर के घाट पर पत्नी समेत बाइक को उठाया, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत लोगों को किस हद तक ले जा रही है, इसकी एक और तस्वीर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बेल्हा देवी मंदिर घाट पर एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ ऐसा स्टंट किया, जिसने अब पुलिस की कार्रवाई को न्योता दे दिया है। धार्मिक स्थल पर फिल्मी अंदाज में बनाया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घाट पर हाथों से उठाई बाइक
वायरल वीडियो में एक युवक अपनी बाइक को हाथों से उठाता दिखाई देता है। हैरानी की बात यह है कि उसी दौरान उसकी पत्नी बाइक पर बैठी रहती है और पूरा वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड किया जाता है। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे गैरजिम्मेदाराना और जोखिम भरा कदम बताया है। दरअसल यह पूरा स्टंट बेल्हा देवी मंदिर के घाट परिसर में किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियां न केवल श्रद्धालुओं की भावनाओं को प्रभावित करती हैं, बल्कि किसी भी समय बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों का मानना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की होड़ में कई लोग सुरक्षा और मर्यादा दोनों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

तीन दिन पहले दर्शन करने आया था दंपत्ति
पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो सोशल मीडिया पर शेखर नाम के युवक ने पोस्ट किया था।  जानकारी के मुताबिक, वह करीब तीन दिन पहले अपनी पत्नी के साथ बेल्हा देवी मंदिर दर्शन करने आया था। इसी दौरान उसने घाट पर यह स्टंट कर वीडियो शूट कराया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। जिसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ

वीडियो वायरल होते ही जांच में जुटी पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब वीडियो की सत्यता, स्टंट की परिस्थितियों और संबंधित लोगों की पहचान की पुष्टि कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की पुष्टि होती है तो संबंधित युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए इस तरह के जोखिम भरे स्टंट करने से बचें। प्रशासन का कहना है कि कुछ सेकंड की वायरल रील किसी की जान को खतरे में डाल सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0