NEET परीक्षा के तनाव में छात्र ने दी जान, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, क्या है पूरा मामला...
लखीमपुर खीरी में NEET परीक्षा देकर लौटे छात्र रितिक मिश्रा का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। परीक्षा विवाद और तनाव को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
लखीमपुर खीरी के नौरंगाबाद स्थित गंगोत्री नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक छात्र का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान कटौली गांव निवासी रितिक मिश्रा के रूप में हुई है। रितिक हाल ही में नीट परीक्षा देकर लौटा था। परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, वह परीक्षा से जुड़े विवादों और पेपर लीक की चर्चाओं को लेकर मानसिक तनाव में था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक
जानकारी के अनुसार, रितिक का परिवार पहले नौरंगाबाद स्थित इसी मकान में रहता था, लेकिन बड़ी बहन की शादी के बाद पूरा परिवार गांव कटौली में रहने लगा था। इसके बावजूद रितिक पढ़ाई के सिलसिले में अक्सर शहर वाले मकान पर आकर रुकता था। बताया गया कि वह बुधवार को गांव से शहर आया था। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। मकान में रहने वाले किराएदारों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने परिवार को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पिता अनूप मिश्रा ने कमरे का ताला तोड़ा। दरवाजा खुलते ही परिवार के होश उड़ गए। अंदर रितिक का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
परीक्षा के तनाव में था छात्र
पड़ोसियों ने बताया कि रितिक ने 3 मई को कानपुर में नीट परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद से वह काफी तनाव में दिखाई दे रहा था। परिवार का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर और मेहनती छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक तनाव को गंभीरता से समझने और उन्हें समय पर परामर्श देने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
