आधी रात श्मशान में तंत्र-मंत्र, ‘भूत भगाने’ के नाम पर 2.30 लाख की ठगी खंडवा में ढोंगी बाबा का खेल बेनकाब
खंडवा में एक फर्जी बाबा ने भूत भगाने का वादा करके एक दंपति से 23 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस जांच जारी है।
खंडवा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ढोंगी बाबा और उसके साथी ने भूत-प्रेत का डर दिखाकर एक दंपति से लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि यह ठगी का सिलसिला करीब दो महीने तक चलता रहा। आरोपी ने पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर दंपति को झांसे में लिया और धीरे-धीरे उनसे कुल 2 लाख 30 हजार रुपये ऐंठ लिए। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की है।
कैसे शुरू हुआ ठगी का खेल
थाना प्रभारी श्याम सिंह भादले के अनुसार, जावर थाना क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि 1 जनवरी को डिलीवरी के दौरान उसका बच्चा पेट में ही मर गया था। इस दुखद घटना के बाद परिवार मानसिक परेशानी में था। इसी दौरान 20 जनवरी को सैलानी बाबा दरगाह के पास उसके पति की मुलाकात पुराने परिचित पंकज नाथ से हुई, जिसने भूत-प्रेत का डर दिखाया।
फर्जी बाबा से कराई पूजा
पंकज नाथ ने दंपति को बैतूल के एक बाबा से पूजा कराने की सलाह दी। 31 जनवरी को वह 35 हजार रुपये लेकर पति को हंडिया (हरदा) ले गया। वहां नर्मदा नदी किनारे श्मशान में रात 3 बजे बाबा ने एक हंडी में पैसे रखवाकर तंत्र-मंत्र किया और उसे घर ले जाकर पूजा करने को कहा।
नशीला पदार्थ देकर बनाया शिकार
कुछ दिन बाद पंकज और बाबा पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने इलाज के बहाने महिला और उसकी ननद को भभूत और नशीला पदार्थ दे दिया, जिससे दोनों को नशा हो गया। इसके बाद उन्होंने घर में भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर सारे पैसे निकालने को कहा।
2.30 लाख रुपये की ठगी
पीड़िता ने बताया कि उसने 1 लाख रुपये जो उसकी ननद ने उधार दिए थे, बाबा को दे दिए। बाबा ने पैसे लाल कपड़े में बांधकर अपनी झोली में रख लिए और बाद में लौटाने का वादा किया। इसके बाद 17 फरवरी को आरोपी ने डर और धमकी देकर 95 हजार रुपये ऑनलाइन भी मंगवा लिए। इस तरह कुल 2 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए गए।
पुलिस की कार्रवाई और अपील
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की है कि किसी भी ढोंगी बाबा या तांत्रिक के झांसे में न आएं और ऐसी घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
