'बड़का भैया प्रयागराज में फ्लॉप तो छोटका भैया AC में बंद' अखिलेश-राहुल पर ओपी राजभर का तंज, बोले- 200-200 सीट बांट लो
प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम के बाद यूपी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा। राजभर ने दोनों नेताओं को बड़का भैया और छोटका भैया बताते हुए भीड़ और सपा-कांग्रेस गठबंधन की सीटों को लेकर तंज कसा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। अब यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने दोनों नेताओं को बड़का भैया और छोटका भैया बताते हुए तंज कसा और सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान पर भी सवाल उठाए। ओम प्रकाश राजभर ने रविवार को अपने X हैंडल से पोस्ट कर अखिलेश यादव को संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी के भाई अखिलेश यादव गुड मॉर्निंग। आप राहुल गांधी के भाई बने घूमते हैं लेकिन भाईचारा निभाना आप जानते नहीं हैं। अरे कल कुछ तो छोटे भाई का फर्ज निभा लेते। आपके बड़े भाई राहुल गांधी कल प्रयागराज में आए थे। उन्हें लगा था कि आप अपने युवा गुंडों को भेज देंगे तो 20-25 हजार की भीड़ इकट्ठा हो जाएगी।
भीड़ को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
राजभर ने आगे लिखा कि राहुल गांधी 5 हजार लोग भी नहीं जुटा पाए। उन्होंने अखिलेश यादव पर राहुल गांधी का साथ नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि थोड़ी मदद कर देते तो आपके बड़े भाई की इज्जत बच जाती। उन्होंने कहा कि आपको तो राहुल गांधी से मोल-भाव करना है और 200 सीटों की हैसियत बतानी थी। ओपी राजभर ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर खर्च का भी दावा किया। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी ने कल के फ्लॉप शो के लिए 30 करोड़ खर्च किए। तीन महीने उनके कार्यकर्ताओं ने मेहनत की। 20 हजार झंडे, बैनर और पोस्टर से प्रयागराज को पाट दिया गया। लेकिन 5 हजार लोग ही आए। राजभर ने आगे लिखा कि बड़का भैया की रात के अंधेरे में की गई सभा फ्लॉप हुई और छोटका भैया AC, PC, ट्विटर से बाहर ही नहीं निकल रहा। अब दोनों भाई मिल बैठकर बांट लो दो-दो सौ सीट।
8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचे थे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचे थे। उन्होंने केपी ग्राउंड में छात्रों की गूंज नाम से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए थे। राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे के बाद अब ओपी राजभर के इस बयान ने यूपी की सियासत में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर चल रही बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है। खासतौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर नेताओं के बयानों पर राजनीतिक नजरें बनी हुई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
