गोरखपुर में सीएम योगी ने ली रवि किशन की चुटकी, पूछा- कितनों ने भोज खाया और कितनों ने काली बाबा फिल्म देखी, ग्रीन सिटी रोड का किया उद्घाटन
गोरखपुर में ग्रीन सिटी रोड के लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन की चुटकी ली। उन्होंने लोगों से रवि किशन के भोज और उनकी फिल्म काली बाबा देखने वालों की संख्या पूछी। इसके बाद सड़क परियोजना और शहर के विकास कार्यों की जानकारी दी।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन की चुटकी लेते हुए मौजूद लोगों से उनके भोज और फिल्म काली बाबा को लेकर सवाल किया। ग्रीन सिटी रोड के लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम योगी ने पहले पूछा कि कितने लोग रवि किशन के भोज में गए थे। इसके बाद उन्होंने पूछा कि कितने लोगों ने रवि किशन की फिल्म काली बाबा देखी है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर जवाब दिया। इसके बाद सीएम योगी ने कहा कि दोनों में बराबरी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रवि किशन के भाषण नहीं देने को लेकर भी मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की।
ग्रीन सिटी रोड का किया लोकार्पण
सीएम योगी ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बांध तक बनी सड़क का लोकार्पण किया। करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। लोकार्पण के बाद सड़क को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी कॉलोनी से पदोनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों की आवाजाही आसान होगी। करीब 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग 70 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है।
पहले नहीं आ पाते थे बस और ट्रक तक
सीएम योगी ने कहा कि इस इलाके में लोग लंबे समय से रह रहे हैं, लेकिन सड़क की स्थिति के कारण उन्हें आने-जाने में परेशानी होती थी। रास्ता काफी संकरा था, जिसके कारण बस और ट्रक तक नहीं आ पाते थे। इस मार्ग पर सरस्वती और आरपीएम एकेडमी समेत कई स्कूल भी हैं। ऐसे में सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों और अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
सोनौली और महाराजगंज जाने वालों को शहर में नहीं आना पड़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाके में लोगों ने जमीनें ली हैं, इसलिए इस सड़क का महत्व और बढ़ जाता है। सड़क के तैयार होने के बाद क्षेत्र के लोगों को सोनौली, महाराजगंज या बलरामपुर की तरफ जाने के लिए शहर के अंदर से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि राजघाट पुल के पास ट्रांसपोर्ट नगर से माधोपुर तक फोरलेन सड़क बनाने का काम भी चल रहा है। इसके अलावा डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लखनऊ जाने वाले लोगों को ट्रांसपोर्ट नगर होकर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे इसी क्षेत्र से फोरलेन बाईपास पकड़कर लखनऊ की ओर जा सकेंगे। इसी तरह सोनौली की ओर जाने वालों के लिए भी आवाजाही आसान होगी।
जलभराव और संकरी सड़क की समस्या से मिलेगी राहत
सीएम योगी ने कहा कि पहले इस क्षेत्र में रास्ता काफी संकरा था और जलभराव की समस्या भी बनी रहती थी। अब सड़क निर्माण के बाद लोगों को इन समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। विकास की इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सांसद, विधायक और महापौर समेत सभी जनप्रतिनिधि जुटे हुए हैं।
रवि किशन के भोज और फिल्म का जिक्र
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने सांसद रवि किशन के भाषण नहीं देने को लेकर भी हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने पूछा कि आज सांसद जी ने भाषण क्यों नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने मौजूद लोगों से पूछा कि कितने लोग रवि किशन के यहां भोज में गए थे और कितने लोगों ने उनकी फिल्म काली बाबा देखी है। लोगों की प्रतिक्रिया के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों में बराबरी है। कार्यक्रम के अंत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की बधाई दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
