अतीक अहमद के बेटे के काफिले गाड़ियों पर दर्ज हुई FIR, टोल बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप, जानिए क्या है मामला
प्रतापगढ़ के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले में शामिल वाहनों पर हंगामा, टोल बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने के प्रयास का आरोप लगा है। पुलिस ने दो वाहनों के नंबर समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रतापगढ़। माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के प्रयागराज जाने के दौरान उनके काफिले में शामिल वाहनों पर प्रतापगढ़ के एक टोल प्लाजा पर हंगामा और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। टोल कर्मचारियों की शिकायत पर हथिगवां पुलिस ने दो वाहनों के नंबर समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामला हथिगवां थाना क्षेत्र के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा का है। घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। उमर अहमद लखनऊ जेल से प्रयागराज जा रहे थे। उन्हें अपने भाई अली अहमद के जनाजे में शामिल होना था। उमर के साथ पुलिस का काफिला था, जबकि पीछे उनके समर्थकों की कई गाड़ियां चल रही थीं।
टोल शुल्क को लेकर हुआ विवाद
टोल प्लाजा के मैनेजर मो. इसहाक की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, काफिले में शामिल कुछ लोगों का टोल शुल्क को लेकर कर्मचारियों से विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान टोल कर्मचारियों को धमकाया गया और उनके ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया। शिकायत में UP70GW2525 और UP70GQ4834 नंबर के वाहनों का जिक्र किया गया है। आरोप है कि इन वाहनों समेत अन्य गाड़ियों में सवार लोगों ने टोल कर्मचारियों को जान से मारने की कोशिश की।
बैरियर तोड़कर कई गाड़ियां बिना टोल दिए निकलीं
टोल मैनेजर की शिकायत के अनुसार, कुछ वाहनों को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए टोल बैरियर तोड़ दिए गए। इसके बाद काफिले में शामिल कई वाहन बिना टोल शुल्क दिए वहां से निकल गए। घटना के दौरान टोलकर्मी प्रतीक पांडेय को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। घटना के बाद टोल प्लाजा प्रबंधन ने हथिगवां थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।
दो वाहनों के नंबर के आधार पर मुकदमा
पुलिस ने टोल मैनेजर की शिकायत के आधार पर दो वाहनों के नंबर समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर वाहनों में सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने क्या बताया ?
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम बृजनंदन राय ने बताया कि उमर अहमद का पुलिस काफिला लखनऊ से प्रयागराज जा रहा था। उनके समर्थकों की गाड़ियां काफिले के पीछे चल रही थीं। उन्होंने बताया कि टोल कर्मचारियों पर वाहन चलाने के प्रयास की शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा मैनेजर की तहरीर पर दो वाहन नंबरों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि टोल प्लाजा पर हंगामा और तोड़फोड़ में कौन-कौन लोग शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
