बीच उड़ान में धुएं से भर गया हेलीकॉप्टर… बाल-बाल बचे डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य, लखनऊ में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और डिप्टी सीएम सुरक्षित हैं।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद लखनऊ के (चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट) पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद उन्हें दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना कर दिया गया। इस अचानक हुई घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया।
लखनऊ से कौशांबी के लिए भरी थी उड़ान
जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड से कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। हेलीकॉप्टर ने जैसे ही उड़ान भरी, कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी समस्या आ गई। बताया जा रहा है कि अचानक हेलीकॉप्टर के भीतर धुआं भरने लगा। धुआं फैलते ही वहां मौजूद लोगों में घबराहट का माहौल बन गया और स्थिति गंभीर लगने लगी।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्थिति को भांपते हुए हेलीकॉप्टर के पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर को तुरंत नजदीकी एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। पायलट की सतर्कता और समझदारी के कारण हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस दौरान सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को कोई चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
प्रशासन और तकनीकी टीम ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। फिलहाल तकनीकी टीम इस बात की जांच कर रही है कि उड़ते हुए हेलीकॉप्टर में धुआं भरने की वजह क्या थी और तकनीकी खराबी कैसे आई। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही असली कारण सामने आ पाएगा। डिप्टी सीएम के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। बाद में उन्हें दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए कौशांबी के लिए रवाना कर दिया गया।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
