कौशांबी टोल प्लाजा पर LPG टैंकर बना आग का गोला, ड्राइवर का मिला कंकाल, कई टोल कर्मचारी लड़ रहे जिंदगी की जंग
कौशांबी के सिहोरी टोल प्लाजा पर LPG टैंकर के धमाके ने कुछ ही मिनटों में पूरा मंजर बदल दिया। आग इतनी भीषण थी कि 30 मिनट तक बुझाई नहीं जा सकी। हादसे में चालक की दर्दनाक मौत हो गई और कई टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि 16 बाइक और 2 कारें जलकर राख हो गईं।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह सिहोरी टोल प्लाजा पर एक भीषण सड़क हादसे ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को दहला दिया। कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा LPG गैस से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पहले गैस का रिसाव हुआ, फिर जोरदार धमाके के साथ टैंकर आग के गोले में बदल गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा, जबकि टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। शुरुआत में सूचना मिली थी कि चालक और परिचालक टैंकर से कूदकर निकल गए हैं, लेकिन आग बुझने के बाद जब दमकलकर्मी टैंकर के भीतर पहुंचे तो वहां से चालक के शरीर का केवल जला हुआ कंकाल और हड्डियों के अवशेष मिले। इस हादसे में टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडिंग लेन से टकराया और सीधे टोल प्लाजा से जा भिड़ा। टक्कर के तुरंत बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही सेकंड बाद तेज धमाका हुआ और पूरे टैंकर ने आग पकड़ ली। हादसे के समय टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने टोल प्लाजा के यार्ड और आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
30 मिनट तक आग से जूझती रही फायर ब्रिगेड
सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया था। आग बुझने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया।
16 बाइक और 2 कारें जलकर हुई राख
टोल कर्मचारी ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले हल्की बारिश हुई थी। अचानक तेज आवाज के साथ टैंकर पलट गया और गैस रिसने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। टोल प्लाजा के यार्ड में कर्मचारियों की खड़ी 16 बाइक और दो कारें जलकर राख हो गईं। आग पास बने टॉयलेट तक पहुंच गई, जहां मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे गंभीर रूप से झुलस गए।
5 कर्मचारी गंभीर, प्रयागराज रेफर
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि हादसे में कुल सात लोग घायल हुए थे। इनमें से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में आलोक सिंह (25), कृष्णपाल मौर्य (26), हीरामणि सिंह (27), अतुल मिश्रा (25) और अनिल कुमार (35) शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सभी 60 प्रतिशत से अधिक झुलसे हैं और उन्हें स्पेशल बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
हादसे की तकनीकी टीम करेगी जांच
एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में टक्कर के बाद गैस रिसाव और उसके बाद हुए धमाके से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए डीएसओ और तकनीकी टीम को जांच सौंपी गई है। टीम यह पता लगाएगी कि दुर्घटना केवल तेज रफ्तार और ओवरटेक का नतीजा थी या इसके पीछे कोई तकनीकी खामी भी जिम्मेदार थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
