कौशांबी में CMO ऑफिस के पीछे भीषण आग, तीन एम्बुलेंस जलने से मचा हड़कंप
रविवार शाम को कौशांबी में मुख्यमंत्री कार्यालय के पीछे भीषण आग लग गई। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने से पहले तीन क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस भी आग की चपेट में आ गईं।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में रविवार शाम अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। यह आग मंझनपुर स्थित सीएमओ कार्यालय के पीछे जंगल वाले इलाके में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी तीन खराब एम्बुलेंस भी इसकी चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की वजह से एम्बुलेंस के टायर जल गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूखी झाड़ियों में लगी आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के अनुसार मंझनपुर स्थित सीएमओ कार्यालय के पीछे सुनसान क्षेत्र में सूखी झाड़ियों और पेड़ों के बीच अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें पास में खड़ी खराब एम्बुलेंसों तक पहुंच गईं। इससे एम्बुलेंस के टायर जलने लगे और आसपास धुआं फैल गया। आग की भयावह स्थिति देखकर स्थानीय लोग घबरा गए।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों द्वारा सूखी टहनियों और पत्तियों में लगाई गई आग तेज हवा के कारण फैल गई और बड़ा रूप ले लिया।
आवासीय परिसर में भी मचा हड़कंप
सीएमओ कार्यालय के बगल में आवासीय परिसर भी मौजूद है। आग की सूचना मिलते ही वहां रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत संजय कुमार को फोन पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद सीएमओ भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
सीएमओ ने क्या कहा?
सीएमओ संजय कुमार ने बताया कि आग लगने से तीन खराब एम्बुलेंस के टायर जले हैं। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की जनहानि या अन्य बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि खराब एम्बुलेंसों का पहले ही टेंडर किया जा चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
