समोसा से इडली तक… जानिए आपके पसंदीदा स्नैक्स में कितनी होती है कैलोरी
भारतीयों के पसंदीदा स्नैक्स जैसे समोसा, कचौड़ी, वडा पाव, ढोकला और इडली में कितनी कैलोरी होती है? जानिए कौन-सा स्नैक हेल्दी है और किसे सीमित मात्रा में खाना चाहिए।
भारत में खाने-पीने का शौक लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा माना जाता है। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक लोग अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट स्नैक्स खाना पसंद करते हैं। कहीं गरमा-गरम समोसे पसंद किए जाते हैं तो कहीं ढोकला, कचौड़ी, वडा पाव और इडली लोगों की पहली पसंद होते हैं। बारिश के मौसम में पकोड़े और चाय का स्वाद भी लोगों को खूब पसंद आता है। लेकिन बदलती लाइफस्टाइल और फिटनेस को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच अब लोग यह भी जानना चाहते हैं कि उनके पसंदीदा स्नैक्स में कितनी कैलोरी होती है और कौन-सा स्नैक ज्यादा हेल्दी माना जाता है।
समोसा और कचौड़ी में ज्यादा कैलोरी
समोसा भारत के सबसे लोकप्रिय स्नैक्स में गिना जाता है। मसालेदार आलू से भरा और तेल में तला हुआ समोसा स्वाद में बेहद लाजवाब होता है। आमतौर पर एक आलू वाले समोसे में करीब 250 से 300 कैलोरी होती है। अगर उसमें अलग तरह की फिलिंग हो तो कैलोरी की मात्रा और बढ़ सकती है। वहीं कचौड़ी भी लोगों की पसंदीदा डिश है। इसे दाल या मसालेदार भरावन के साथ डीप फ्राई किया जाता है। एक कचौड़ी में लगभग 180 से 250 कैलोरी पाई जाती है। ज्यादा मात्रा में खाने से पेट से जुड़ी दिक्कतें भी हो सकती हैं।
वडा पाव और पकोड़े भी बढ़ाते हैं कैलोरी
मुंबई का मशहूर वडा पाव अब देशभर में लोकप्रिय हो चुका है। आलू के पकोड़े को पाव में रखकर चटनी और मिर्च के साथ परोसा जाता है। एक वडा पाव में करीब 300 से 350 कैलोरी होती है। बारिश के मौसम में लोग पकोड़े खाना बेहद पसंद करते हैं। प्याज, आलू, पालक या पनीर से बने पकोड़ों में कैलोरी अलग-अलग होती है। सामान्य तौर पर 4 से 5 प्याज के पकोड़ों में लगभग 200 से 300 कैलोरी होती है।
ढोकला और इडली को माना जाता है हेल्दी
ढोकला हल्का और हेल्दी स्नैक माना जाता है। 2 से 3 पीस ढोकला खाने पर करीब 150 से 180 कैलोरी मिलती है। यही कारण है कि फिटनेस का ध्यान रखने वाले लोग इसे पसंद करते हैं इडली को सबसे हेल्दी स्नैक्स में गिना जाता है। इसे स्टीम करके बनाया जाता है, इसलिए इसमें तेल बहुत कम होता है। एक इडली में लगभग 40 से 50 कैलोरी होती है। सांभर और चटनी के साथ खाने पर यह स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी बन जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्वाद के साथ-साथ लोगों को अपने खानपान में संतुलन बनाए रखना चाहिए। ज्यादा तले हुए स्नैक्स सीमित मात्रा में खाना और हेल्दी विकल्प चुनना शरीर के लिए फायदेमंद हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
