मीठा सेब खरीदना अब होगा आसान, बिना काटे ऐसे पहचानें रसदार और ताजा सेब
बिना काटे मीठे और ताज़े सेबों की पहचान करने के आसान तरीके सीखें। सेब खरीदने से पहले उनका रंग, वज़न, गंध और मोम की परत ज़रूर जांच लें।
सेब एक ऐसा फल है जिसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। डॉक्टर भी रोज एक सेब खाने की सलाह देते हैं। यह फल लगभग पूरे साल बाजार में आसानी से मिल जाता है और इसकी कई अलग-अलग किस्में भी देखने को मिलती हैं। लेकिन अक्सर लोगों को सेब खरीदते समय कंफ्यूजन हो जाता है कि कौन-सा सेब मीठा होगा और कौन-सा नहीं। कई बार सेब बाहर से लाल और सुंदर दिखता है, लेकिन अंदर से उतना मीठा नहीं होता। ऐसे में कुछ आसान तरीकों को अपनाकर बिना काटे भी मीठे और ताजा सेब की पहचान की जा सकती है।
रंग और बनावट से समझें सेब की गुणवत्ता
सेब खरीदते समय उसके रंग और बनावट पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। अगर सेब के नीचे की तरफ हल्का पीला या सुनहरा रंग दिखाई देता है, तो इसका मतलब है कि वह पेड़ पर अच्छी तरह पका हुआ है। पूरी तरह से गहरे लाल रंग का सेब दिखने में अच्छा लगता है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह सबसे मीठा ही हो। सेब की सतह पर छोटे-छोटे सफेद दाने जैसे निशान भी दिखाई देते हैं। अगर ये निशान साफ और थोड़े उभरे हुए हों, तो समझिए कि सेब मीठा हो सकता है। इसके अलावा सेब का छिलका मजबूत और कसा हुआ होना चाहिए। अगर छिलका ढीला है या उस पर झुर्रियां दिख रही हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि सेब पुराना हो गया है।
वजन और मजबूती से भी लग सकता है अंदाजा
मीठा और रसदार सेब पहचानने के लिए उसका वजन भी एक अच्छा संकेत देता है। अगर कोई सेब अपने आकार के मुकाबले भारी महसूस होता है, तो इसका मतलब है कि उसमें पानी और रस अच्छी मात्रा में है। सेब को हल्के हाथ से दबाकर भी उसकी गुणवत्ता समझी जा सकती है। अगर सेब बहुत ज्यादा सख्त या बहुत ज्यादा नरम लगे, तो वह अच्छा नहीं माना जाता। एक अच्छा सेब हल्का ठोस होता है और अंगूठे से दबाने पर ज्यादा नहीं दबता।
खुशबू और डंठल से पहचानें ताजगी
अच्छी तरह पका हुआ सेब हल्की मीठी खुशबू देता है। अगर सेब से कोई खास महक नहीं आ रही, तो हो सकता है कि उसे कच्चा ही तोड़ लिया गया हो। इसके अलावा सेब के डंठल वाले हिस्से को भी ध्यान से देखना चाहिए। अगर डंठल अभी भी लगा हुआ है और उसका रंग हरा या हल्का भूरा है, तो सेब ताजा माना जाता है। वहीं अगर डंठल सूख गया है या गायब है, तो सेब पुराना हो सकता है।
सेब पर लगे वैक्स से भी रहें सावधान
बाजार में कई बार सेब को चमकदार दिखाने के लिए उस पर वैक्स की परत लगा दी जाती है। इसे जांचने के लिए आप नाखून से हल्का सा खुरचकर देख सकते हैं। अगर सफेद पाउडर जैसा कुछ निकलता है, तो बेहतर है कि सेब खाने से पहले उसे गुनगुने पानी से अच्छी तरह धो लें या छीलकर खाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
