काला कहकर पति को करती थी बेइज्जत, iPhone-AC की डिमांड… बहू से डरकर SP ऑफिस पहुंची सास- बेटा
MP News: ग्वालियर में एक परिवार ने अपनी बहू पर रंगभेद, मानसिक प्रताड़ना और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सास और बेटे ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी। परिवार का कहना है कि बहू महंगे सामान की मांग करती थी और आत्महत्या की धमकी देकर दबाव बनाती थी।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। आमतौर पर घरेलू विवादों में बहुएं पुलिस या महिला हेल्प डेस्क का सहारा लेती नजर आती हैं, लेकिन यहां एक सास और उसका बेटा खुद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। परिवार का आरोप है कि घर की बहू लगातार मानसिक प्रताड़ना दे रही है। इतना ही नहीं, वह पति के रंग को लेकर अपमान करती थी और महंगे सामान की मांग पूरी न होने पर पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
काला-काला कहकर पति को करती थी अपमानित
यह मामला ग्वालियर जिले के गोसपुरा इलाका-1 का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली अतर देवी और उनके बेटे कमल किशोर ने एसपी ऑफिस पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। परिवार के मुताबिक, कमल किशोर की शादी के बाद घर में लगातार विवाद शुरू हो गए। आरोप है कि उनकी पत्नी लतेश माहौर पति के सांवले रंग को लेकर उसे बार-बार ‘काला-काला’ कहकर अपमानित करती थी। इससे घर का माहौल खराब रहने लगा।
iPhone और AC की डिमांड पूरी न होने पर बढ़ा विवाद
परिवार का कहना है कि बहू ने शादी के बाद iPhone और AC जैसी महंगी चीजों की मांग शुरू कर दी। जब परिवार इन मांगों को पूरा नहीं कर पाया तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि बहू पूरे परिवार को जेल भेजने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। सास अतर देवी का कहना है कि बहू बार-बार कहती थी कि वह पूरे परिवार की जिंदगी बर्बाद कर देगी।
आत्महत्या की धमकी से सहमा परिवार
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बहू ने दो बार आत्महत्या की कोशिश भी की। परिवार के मुताबिक, हाल ही में उसने दुपट्टे से फंदा लगाकर हंगामा किया, जिससे सभी लोग डर गए। परिवार को आशंका है कि अगर कोई बड़ा कदम उठाया गया तो कानूनी परेशानी में पूरा परिवार फंस सकता है। इसी डर के कारण उन्होंने बहू की कथित धमकियों और व्यवहार के कुछ वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।
मायके वालों पर उकसाने का आरोप
सास ने आरोप लगाया कि बहू के मायके वाले भी उसे लगातार उकसाते थे और ससुराल वालों पर दबाव बनाने के लिए कहते थे। परिवार का दावा है कि उन्होंने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वे एसपी कार्यालय पहुंचे और वीडियो समेत सभी सबूत पुलिस को सौंप दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। दोनों पक्षों को बुलाकर बयान दर्ज किए जाएंगे और वीडियो व अन्य सबूतों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
