जीटी रोड पर सनसनी पेट्रोल भरवाकर भागा थार चालक, सेल्समैन को टक्कर मार 5 किलोमीटर तक बाइक घसीटी

जीटी रोड पर एक चौंकाने वाली घटना घटी, जहां एक थार चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद भागते हुए एक सेल्समैन को टक्कर मारी और उसकी बाइक को 5 किलोमीटर तक घसीटा। पुलिस ने आरोपी को लुहारली टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया।

Feb 28, 2026 - 10:11
 0
जीटी रोड पर सनसनी पेट्रोल भरवाकर भागा थार चालक, सेल्समैन को टक्कर मार 5 किलोमीटर तक बाइक घसीटी

जीटी रोड स्थित रघुनंदन पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक थार गाड़ी चालक ने पहले गाड़ी का टैंक फुल कराया और फिर ऑनलाइन भुगतान का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। जब पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने जानबूझकर उसे टक्कर मार दी। हादसे में सेल्समैन घायल हो गया और उसकी बाइक थार में फंस गई। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और करीब 5 किलोमीटर तक बाइक को घसीटता रहा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को लुहारली टोल प्लाजा से पहले गिरफ्तार कर लिया।

टैंक फुल करवाकर ऑनलाइन पेमेंट का झांसा
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय हर्ष शुक्रवार को अपने मामा के घर दुजाना गांव आया था। शाम करीब साढ़े 6 बजे वह थार गाड़ी लेकर धूममानिकपुर गांव के पास जीटी रोड स्थित रघुनंदन पेट्रोल पंप पहुंचा। वहां उसने गाड़ी की टंकी पूरी भरवाई। टैंक फुल होने के बाद उसने सेल्समैन कुलदीप शर्मा से कहा कि वह ऑनलाइन भुगतान करेगा और उसे क्यूआर मशीन लाने भेज दिया। जैसे ही कुलदीप मशीन लेने गया, हर्ष ने थार स्टार्ट की और तेज रफ्तार में वहां से भाग निकला।

पीछा करने पर मारी टक्कर, बाइक घसीटता रहा
गाड़ी को भागता देख कुलदीप शर्मा ने तुरंत अपनी बाइक उठाई और उसका पीछा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हर्ष दादरी बाईपास की ओर तेज रफ्तार से भाग रहा था। जब कुलदीप उसकी गाड़ी के पास पहुंचा तो आरोपी ने जानबूझकर बाइक में टक्कर मार दी। इससे कुलदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गया और उसकी बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बाद भी हर्ष ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब 5 किलोमीटर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया।

चिंगारियां उड़ती रहीं, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
इस दौरान सड़क पर चिंगारियां उड़ती रहीं, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। पेट्रोल पंप और रास्ते के सीसीटीवी कैमरों में भी पूरी वारदात कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और लुहारली टोल प्लाजा से पहले आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने हर्ष को गिरफ्तार कर थार गाड़ी जब्त कर ली। गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी। घायल कुलदीप शर्मा का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। थाना बादलपुर पुलिस तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपी हर्ष बुलंदशहर का रहने वाला है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।