Google का नया AI करेगा आपका हर काम आसान, अब फोन खुद समझेगा क्या करना है
गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए Gemini Intelligence AI सिस्टम लॉन्च किया है। यह AI स्क्रीन समझकर खुद ऐप्स में काम करेगा और कई स्मार्ट फीचर्स देगा।
गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया और बेहद एडवांस AI सिस्टम पेश किया है, जो स्मार्टफोन इस्तेमाल करने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। कंपनी ने “जेमिनी इंटेलिजेंस” नाम का नया AI एजेंट बेस्ड सिस्टम लॉन्च किया है। गूगल का दावा है कि यह सिर्फ एक साधारण चैटबॉट नहीं बल्कि ऐसा स्मार्ट AI है, जो यूजर की जरूरत समझकर खुद काम कर सकेगा। यह सिस्टम स्क्रीन पर दिख रही चीजों को समझेगा, अलग-अलग ऐप्स में जाकर जरूरी काम करेगा और कई काम बिना बार-बार ऐप बदलने के पूरे कर देगा। माना जा रहा है कि यह टेक्नोलॉजी आने वाले समय में स्मार्टफोन की दुनिया में बड़ा बदलाव ला सकती है।
अब आपका फोन खुद करेगा कई जरूरी काम
गूगल के अनुसार, जेमिनी इंटेलिजेंस यूजर की तरफ से कई काम खुद पूरा कर सकेगा। उदाहरण के तौर पर अगर कोई यूजर बारबेक्यू पार्टी की तैयारी कर रहा है, तो AI गेस्ट लिस्ट देखकर जरूरी सामान ऑनलाइन कार्ट में जोड़ देगा। इसी तरह जीमेल से क्लास का सिलेबस ढूंढकर जरूरी किताबें भी ऑनलाइन ऑर्डर के लिए तैयार कर सकेगा। कंपनी ने बताया कि यह फीचर सबसे पहले सैमसंग गैलेक्सी S26 और पिक्सल 10 जैसे डिवाइस में मिलेगा। इसके बाद इसे दूसरे एंड्रॉयड फोन, स्मार्टवॉच, लैपटॉप और कारों तक पहुंचाया जाएगा। हालांकि हर ट्रांजैक्शन पूरा करने से पहले यूजर की अनुमति जरूरी होगी।
स्क्रीन देखकर समझ जाएगा AI
जेमिनी इंटेलिजेंस की सबसे खास बात इसकी मल्टीमोडल क्षमता है। अब यूजर्स को बार-बार टेक्स्ट कॉपी-पेस्ट करने की जरूरत कम पड़ेगी। अगर नोट्स ऐप में किराने की लिस्ट सेव है, तो सिर्फ पावर बटन दबाकर AI को एक्टिव किया जा सकेगा और वह खुद ऑनलाइन शॉपिंग कार्ट तैयार कर देगा।
इसके अलावा “रैम्बलर” नाम का नया फीचर आवाज को साफ टेक्स्ट में बदल देगा और “हम्म” या “आह” जैसे अनचाहे शब्द हटा देगा। इसमें हिंदी समेत कई भाषाओं का सपोर्ट मिलेगा। गूगल ने कहा है कि यूजर का ऑडियो डेटा सेव नहीं किया जाएगा।
नए स्मार्ट फीचर्स भी होंगे शामिल
गूगल इस AI सिस्टम के साथ कई नए फीचर्स भी ला रहा है। यूजर सिर्फ बोलकर अपनी पसंद के होम स्क्रीन विजेट बना सकेंगे। नया ऑटोफिल फीचर अलग-अलग ऐप्स से जानकारी लेकर फॉर्म अपने आप भर देगा। यह फीचर गूगल क्रोम समेत कई ऐप्स में काम करेगा।
AI की दुनिया में बढ़ेगी बड़ी टक्कर
गूगल का यह कदम AI की दुनिया में बड़ी रणनीति माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार एपल भी जल्द नया AI सिस्टम लॉन्च कर सकता है। वहीं ओपनएआई भी AI एजेंट बेस्ड स्मार्टफोन पर काम कर रहा है। ऐसे में अब स्मार्टफोन इंडस्ट्री में मुकाबला सिर्फ कैमरा और प्रोसेसर का नहीं बल्कि AI टेक्नोलॉजी का भी होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
