हॉर्न बजाने पर दबंग ने की युवक की हत्या, गाजियाबाद में छोटे भाई के सामने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, पार्टी से लौटते समय हुआ पूरा विवाद
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर में हॉर्न बजाने जैसी मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंग ने युवक पर पिस्टल से फायर कर दिया। छोटे भाई के सामने हुई वारदात में युवक की मौत हो गई, जबकि पुलिस ने आरोपी के परिवार के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आखिर उस रात ऐसा क्या हुआ...
गाजियाबाद में एक बार फिर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिर्फ बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक की जान चली गई। आरोप है कि मोहल्ले के दबंग ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में युवक के छोटे भाई के सामने ही उसकी हत्या हो गई। मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी का है। रविवार रात करीब 12 बजे हुई इस वारदात में पुलिस ने मृतक की पहचान 25 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में की है। विपिन दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक फैक्ट्री में काम करता था। हमले में उसका छोटा भाई गौरव भी घायल हुआ है।
रास्ते में खड़े युवकों से हुआ विवाद
विपिन के छोटे भाई गौरव ने पुलिस को बताया कि रविवार रात पड़ोसी पवन के घर पर पार्टी थी। पार्टी खत्म होने के बाद कुछ रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए वह अपने भाई विपिन और अन्य लोगों के साथ लोनी बॉर्डर की नहर पुलिया तक गए थे। वापस लौटते समय रास्ते में कुछ युवक खड़े थे। रास्ता साफ कराने के लिए बाइक का हॉर्न बजाया गया। इसी बात को लेकर वहां मौजूद सोनू और उसके साथियों से कहासुनी शुरू हो गई। गौरव के मुताबिक कि सोनू ने दोस्तों के साथ मिलकर भैया और मुझ पर फायर कर दिया। पहली गोली मेरे हाथ में लगी। इसके बाद आरोपियों ने दो गोली विपिन को मारी। एक गोली पेट में लगी, जबकि दूसरी उसकी जेब में रखे मोबाइल पर लगी।
छोटे भाई ने आंखों के सामने देखा भाई का कत्ल
गौरव ने बताया कि हमलावरों ने गोली चलाने के बाद भी हमला नहीं रोका। फायरिंग के बाद विपिन जमीन पर गिर गया, इसके बाद भी उस पर एक और गोली चलाई गई। गौरव ने पुलिस को बताया कि मेरे सामने भैया को मार दिया। पहली गोली मुझे लगी, लेकिन मैं बच गया। हमारे साथ दो और युवक थे, जो डर के कारण वहां से भाग गए। मैंने शोर मचाया तो हमलावर भाग निकले। घायल विपिन को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान रात करीब दो बजे उसकी मौत हो गई।
पार्टी से लौटते समय हुआ पूरा विवाद
मृतक के दोस्त पवन ने पुलिस को बताया कि उसके घर पर पार्टी थी। रिश्तेदारों को रास्ता नहीं पता था, इसलिए वह लोग दो बाइकों पर सवार होकर उन्हें छोड़ने गए थे। पवन के मुताबिक, "घर आए रिश्तेदारों को रास्ता नहीं पता था। इसलिए हम लोग 2 बाइकों पर सवार होकर लोनी बॉर्डर की नहर पुलिया तक गए थे। वापस आते समय रास्ते में खड़े लड़कों से कहासुनी हो गई। उनमें से सोनू नाम के लड़के ने विपिन को गोली मारी।"
पुलिस ने आरोपी के पिता और पत्नी को पकड़ा
घटना के बाद मृतक के भाई आजाद प्रजापति की शिकायत पर लोनी बॉर्डर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू के पिता ब्रह्मपाल निवासी बेहटा हाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा सोनू की पत्नी आशा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि, गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी सोनू अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हत्या के कारणों और पूरी घटना की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
