फतेहपुर में गैस सिलेंडर विस्फोट से बड़ा हादसा, एक ही परिवार समेत 9 लोग झुलसे

फतेहपुर के इटौरा पिलखिनी गांव में हुए एक भीषण गैस सिलेंडर विस्फोट में नौ लोग बुरी तरह झुलस गए। गंभीर रूप से घायल सात पीड़ितों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया।

May 18, 2026 - 09:56
 0
फतेहपुर में गैस सिलेंडर विस्फोट से बड़ा हादसा, एक ही परिवार समेत 9 लोग झुलसे

उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर जिले में रविवार को घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। बिन्दकी तहसील क्षेत्र के इटौरा पिलखिनी गांव में हुए इस हादसे में एक ही परिवार समेत कुल 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। हादसे के समय घर के अंदर कई लोग मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे लोग भी आग की चपेट में आ गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया।

खाना बनाते समय हुआ बड़ा धमाका
जानकारी के अनुसार इटौरा पिलखिनी गांव में एक घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि घर में आग फैल गई और अंदर मौजूद लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे के समय घर के अंदर छह लोग मौजूद थे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन आग की चपेट में आने से तीन अन्य लोग भी झुलस गए।

गांव में मचा हड़कंप
सिलेंडर विस्फोट की आवाज सुनते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मंगलिक मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों अधिकारी अस्पताल भी गए और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सात घायलों की हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार हादसे में झुलसे सात लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।

 (रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।