बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा: पांच मुन्नाभाई गिरफ्तार, प्राचार्य समेत 10 पर केस दर्ज
फतेहपुर में पुलिस दस्ते ने पांच फर्जी छात्रों को गणित की परीक्षा देते हुए पकड़ा। प्रधानाचार्यों समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच जारी है।
यूपी के फतेहपुर जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। प्रथम पाली की परीक्षा में फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने छापेमारी कर पांच मुन्नाभाई को पकड़ा, जो असली छात्रों की जगह गणित का पेपर दे रहे थे। इस कार्रवाई से परीक्षा केंद्रों में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि पकड़े गए लोग अलग-अलग स्कूलों के छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे। हैरानी की बात यह है कि एडमिट कार्ड पर भी परीक्षा दे रहे फर्जी अभ्यर्थियों की ही फोटो लगी थी। मामले में डीआईओएस ने सख्त रुख अपनाते हुए प्राचार्य समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
अलग-अलग विद्यालयों के छात्रों की जगह दे रहे थे परीक्षा
फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने ओपी यादव इंटर कॉलेज, मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज और आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर में जांच के दौरान यह कार्रवाई की। पकड़ा गया रवि, ओपी इंटर कॉलेज के छात्र आशिफ की जगह परीक्षा देता हुआ मिला। इसी तरह मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज के छात्र अफजल की जगह गणेश परीक्षा दे रहा था। शिवकुमार की जगह लक्ष्मण को परीक्षा देते पकड़ा गया। वहीं आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर के छात्र गुलाम वारिश की जगह युवराज और सौरभ की जगह प्रदीप परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।
एडमिट कार्ड में भी बदली गई थी फोटो
जांच में यह भी सामने आया कि इन सभी के एडमिट कार्ड में फर्जी अभ्यर्थियों की फोटो लगी हुई थी। इससे साफ है कि मामला सुनियोजित तरीके से किया गया था। फ्लाइंग स्क्वॉड की इस कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्रों में अफरा-तफरी मच गई और अन्य परीक्षार्थियों की भी सघन जांच की गई।
पुलिस को सौंपे गए आरोपी, 10 पर मुकदमा
डीआईओएस राकेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए सभी मुन्नाभाई को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही जिन विद्यालयों का नाम इस मामले में सामने आया है, उनके खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह, फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
