'रामलला के कीजिए दर्शन, आएगी सद्बुद्धि', हाथरस से अखिलेश पर योगी का तीखा हमला, कृष्णजन्म भूमि पर खुलकर बोलने का दिया चैलेंज 

क्या राम मंदिर के बाद अब कृष्ण जन्मभूमि यूपी की राजनीति का नया बड़ा मुद्दा बनने जा रही है? हाथरस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से लेकर मथुरा तक घेरते हुए कई तीखे बयान दिए।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या पर घेरते हुए कहा कि पहले रामलला के दर्शन करिए, फिर मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि पर भी खुलकर बोलिए। आखिर योगी ने ऐसा क्या कहा, जिसने यूपी की राजनीति में नई बहस छेड़ दी?

Jun 28, 2026 - 13:43
 0
'रामलला के कीजिए दर्शन, आएगी सद्बुद्धि', हाथरस से अखिलेश पर योगी का तीखा हमला, कृष्णजन्म भूमि पर खुलकर बोलने का दिया चैलेंज 

हाथरस में रविवार को 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भाषण विकास से ज्यादा राजनीतिक संदेशों को लेकर चर्चा में रहा। मंच से उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान को निशाने पर लिया और अयोध्या से लेकर मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि तक कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अखिलेश यादव का एक बयान पढ़ रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि उनकी सरकार बनी तो अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे। इस पर योगी ने कहा कि अरे, आप क्या अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे? आपकी सरकार में तो रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं। आज जब करोड़ों रामभक्तों की तपस्या और संघर्ष से अयोध्या त्रेतायुग की याद दिला रही है, तब आपको उसकी याद आ रही है। उन्होंने आगे कहा, "अखिलेश जी, अयोध्या की चिंता छोड़ दीजिए। पहले पश्चाताप कीजिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, सद्बुद्धि आ जाएगी।"

'अगर धार्मिक हैं तो कृष्ण जन्मभूमि पर भी खुलकर बोलिए'
मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करना चाहती है तो उसे सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं रहना चाहिए। योगी ने कहा कि अगर सचमुच खुद को धार्मिक दिखाने की कोशिश कर रहे हैं तो मथुरा-वृंदावन पर खुलकर बोलिए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बोलिए। जैसे राम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन चला, वैसे ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का भी अभियान चलना चाहिए। उसे सम्मान मिलना चाहिए।

'कब्रिस्तान के पैसे को मंदिर की तरफ किया डायवर्ट'
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकारों पर धार्मिक आयोजनों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में थानों और जेलों में होने वाले कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन तक रोक दिए गए थे और कांवड़ यात्रा पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने कहा कि आज स्थिति बदल चुकी है। हाथरस में 22 से अधिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया गया है। योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने में जाता था, हमने उसी पैसे को मंदिरों के विकास की तरफ डायवर्ट किया है।"

'अब 9 साल में न दंगा, न कर्फ्यू'
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था। उन्होंने मथुरा के जवाहरबाग, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़ और कोसीकलां की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन हालातों में निवेश और रोजगार दोनों प्रभावित होते थे। योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न गुंडागर्दी हुई, न कर्फ्यू लगा। जब सुरक्षा होती है, तभी विकास संभव होता है।

'12 हजार मुहर्रम जुलूस निकले, पता भी नहीं चला'
मुख्यमंत्री ने मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले ताजियों के नाम पर गरीबों के घर तोड़ दिए जाते थे, बिजली की हाईटेंशन लाइनें हटानी पड़ती थीं और उपद्रव की घटनाएं सामने आती थीं। उन्होंने कहा कि इस बार मैंने खुद समीक्षा की। प्रदेश में लगभग 12 हजार मुहर्रम जुलूस निकले, लेकिन कहीं दंगा नहीं हुआ, कहीं उपद्रव नहीं हुआ। पता भी नहीं चला कि इतने बड़े स्तर पर आयोजन हुए।

'कमल का बटन दबाने पर मिलेगा विकास'
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले गैस कनेक्शन के लिए लोगों को महीनों चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि आज उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में दो बार मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि आप कमल का बटन दबाते हैं, बदले में विकास मिलता है, सुरक्षा मिलती है और रोजगार की गारंटी मिलती है।

आपातकाल से लेकर सैफई मॉडल तक विपक्ष पर साधा निशाना
अपने भाषण के अंतिम हिस्से में मुख्यमंत्री ने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर संविधान का गला घोंटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ खड़ी है। योगी ने यह भी कहा कि पहले विकास केवल सैफई तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब डबल इंजन सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों में समान विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content