चिनहट में पत्नी की हत्या कर शव नहर किनारे फेंका, गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस को करता रहा गुमराह
लखनऊ के चिनहट इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके शव को इंदिरा नहर के पास फेंक दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ के चिनहट इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शव को नहर किनारे फेंक दिया और फिर खुद ही थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस जांच में जब आरोपी की बातों में विरोधाभास मिला तो सख्ती से पूछताछ की गई। इसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गला दबाकर की पत्नी की हत्या
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बाराबंकी जिले के रूदौली थाना क्षेत्र के शफी नगर निवासी 25 वर्षीय अल्ताफ उर्फ कल्लू अपनी 24 वर्षीय पत्नी यास्मीन के साथ लखनऊ के चिनहट कस्बा स्थित रामलीला मैदान के पास रहता था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि अल्ताफ ने गुस्से में आकर यास्मीन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को ई-रिक्शा में रखा और बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नहर किनारे ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अल्ताफ खुद चिनहट कोतवाली पहुंचा और पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी की कई बातें संदिग्ध लगीं। पुलिस को उस पर शक हुआ, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई। आखिरकार आरोपी टूट गया और उसने कबूल कर लिया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की है।
प्रेम-प्रसंग के शक में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस पूछताछ में आरोपी अल्ताफ ने बताया कि उसे अपनी पत्नी यास्मीन पर अपने मौसेरे भाई मुईन के साथ प्रेम-प्रसंग होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शक के आधार पर ही यह खौफनाक कदम उठाया। उसने पहले से योजना बनाकर पत्नी की हत्या करने की बात भी स्वीकार की है।
शव बरामद, आरोपी गिरफ्तार
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इंदिरा नहर किनारे से शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी अल्ताफ उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत और दुख का माहौल है।\
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
