'तमीज से बात करना...' बांदा में सपा की बैठक में महिला सांसद और विधायक के बीच हुई तीखी नोंकझोंक, सांसद पति बोले- अखिलेश यादव से करेंगे शिकायत
बांदा में समाजवादी पार्टी की बैठक के दौरान सांसद कृष्णा देवी और विधायक विशंभर यादव के बीच मंच पर तीखी बहस हो गई। 20 मिनट तक चले विवाद के बाद दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी सफाई दी। आखिर बैठक में ऐसा क्या हुआ कि मामला अखिलेश यादव तक पहुंचने की बात होने लगी?
समाजवादी पार्टी की अंदरूनी खींचतान शुक्रवार को बांदा में आयोजित पार्टी बैठक के दौरान खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम के बीच मंच पर ही सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू विधायक विशंभर यादव के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और दोनों नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। स्थिति ऐसी बन गई कि मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं को बीच-बचाव करना पड़ा। करीब 20 मिनट तक बैठक का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
भाषण के दौरान अचानक भड़कीं सांसद
बैठक में विधायक विशंभर यादव कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान सांसद कृष्णा देवी पटेल अचानक खड़ी हो गईं और नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें लगातार अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में वह पहले भी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को बता चुकी हैं और उनके साथ ऐसा व्यवहार कोई और नहीं बल्कि विधायक कर रहे हैं। सांसद की टिप्पणी के बाद विधायक विशंभर यादव ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने सांसद का नाम नहीं लिया था और उनसे मर्यादा में रहकर बात करने को कहा। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
विधायक बोले- मैं RSS पर बोल रहा था
विवाद के बाद विधायक विशंभर यादव ने सफाई देते हुए कहा कि उनका संबोधन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर था। सांसद ने गलतफहमी में समझ लिया कि टिप्पणी उनके लिए की गई है, जिससे विवाद पैदा हुआ।
'अखिलेश यादव तक जाएगी बात'
सांसद कृष्णा देवी पटेल के पति और पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि वह सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। बैठक में जो कुछ हुआ, उसकी जानकारी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी जाएगी और वहीं पूरा पक्ष रखा जाएगा।
कौन हैं कृष्णा देवी और विशंभर यादव
- कृष्णा देवी पटेल ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बांदा सीट से भाजपा उम्मीदवार आरके सिंह पटेल को 71 हजार से अधिक मतों से हराया था। चुनाव से पहले सपा ने टिकट उनके पति शिवशंकर पटेल को दिया था, लेकिन बाद में प्रत्याशी बदलकर कृष्णा देवी को मैदान में उतारा गया।
- वहीं विशंभर यादव समाजवादी राजनीति का पुराना चेहरा हैं। 1980 से पार्टी से जुड़े रहे हैं और छात्र राजनीति से लेकर प्रदेश संगठन तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह बबेरू विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
