अमेठी की दलित बस्ती में भीषण आग से तबाही... एक दर्जन घर राख, खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर परिवार
Uttar Pradesh News: अमेठी के एक गांव में भीषण आग लगने से करीब एक दर्जन परिवारों के घर जल गए। लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। दो मवेशियों की भी मौत हुई। प्रशासन से मदद नहीं मिलने का आरोप है। भाजपा नेता ने राहत सामग्री बांटी और मदद की अपील की।
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। कोतवाली क्षेत्र के मोचवा मजरे सराय हीरमति गांव में रविवार शाम दलित बस्ती में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। इस घटना में करीब एक दर्जन परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग लगने की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
देखते ही देखते राख हो गए घर
प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर यादव के अनुसार, आग अचानक लगी और कुछ ही देर में पूरी बस्ती में फैल गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई काबू नहीं कर सका। इस दौरान घरों में रखा राशन, कपड़े, बर्तन और रोजमर्रा का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
मवेशियों की भी हुई मौत
इस भीषण आगजनी में दो मवेशी भी चपेट में आ गए, जिससे पीड़ित परिवारों का नुकसान और बढ़ गया। गांव के लोगों का कहना है कि उनके पास अब कुछ भी नहीं बचा है और वे पूरी तरह बेघर हो चुके हैं।
खुले आसमान के नीचे गुजार रहे रात
आग लगने के बाद से सभी प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। महिलाएं और छोटे बच्चे इस भीषण गर्मी में पेड़ों के नीचे रात काट रहे हैं। पीड़ितों का आरोप है कि अब तक जिला प्रशासन की ओर से मौके पर कोई ठोस मदद नहीं पहुंची है।
सरकार से मदद की मांग तेज
पीड़ित परिवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जल्द से जल्द राहत पहुंचाने की मांग की है। उनका कहना है कि रहने और खाने की व्यवस्था तुरंत की जाए, ताकि वे इस संकट से बाहर निकल सकें।
भाजपा नेता पहुंचे, बांटी राहत सामग्री
घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार दोपहर भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें राहत के तौर पर राशन किट वितरित की। साथ ही उन्होंने अन्य जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से भी मदद के लिए आगे आने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
