उन्नाव में अखिलेश यादव का बड़ा हमला: योगी की ‘योगी’ पहचान पर सवाल, मोदी सरकार की नीतियों को घेरा

अखिलेश यादव ने उन्नाव में योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना करते हुए धर्म, माफिया, कृषि, उद्योग और चीन सीमा से जुड़े मुद्दे उठाए।

Feb 14, 2026 - 08:58
 0
उन्नाव में अखिलेश यादव का बड़ा हमला: योगी की ‘योगी’ पहचान पर सवाल, मोदी सरकार की नीतियों को घेरा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव के एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार और नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। धार्मिक मुद्दों से लेकर कृषि, उद्योग, माफिया और चीन की घुसपैठ तक कई विषयों पर उन्होंने तीखी टिप्पणी की। उनके बयान से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

योगी होने पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला करते हुए कहा कि उन्हें योगी होने का सर्टिफिकेट किसने दिया। उन्होंने कहा कि समाज गेरूवा वस्त्र पहनने वालों का सम्मान करता है, लेकिन केवल वस्त्र पहन लेने या कान छिदवा लेने से कोई योगी नहीं हो जाता। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों का जिक्र करते हुए कहा कि जो गीता के विपरीत चलता हो, क्या उसे सनातनी माना जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से पूछो 18 बड़ा है या जीरो, तो वह जीरो बोलेंगे।

धार्मिक सम्मान और शंकराचार्य का मुद्दा
धार्मिक विषय पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि पूजनीय शंकराचार्य, जिनका सभी सनातनी सम्मान करते हैं, उन्हें स्नान नहीं करने दिया गया। उन्होंने कहा कि इतिहास में कभी साधु-संतों को गंगा स्नान से नहीं रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल चापलूस लोगों का सम्मान करती है।

माफिया और सरकार पर आरोप
अखिलेश ने कहा कि पूरा प्रदेश जानता है माफिया कौन है। माफिया वह है जिसने अपने केस वापस लिए हों। उन्होंने इशारा किया कि सत्ताधारी लोग विपक्ष पर आरोप लगाते हैं, जबकि खुद संरक्षण देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली वालों से लड़ने के लिए बुलडोजर नहीं, ब्रह्मोस की तैयारी कर ली है।

कृषि, उद्योग और बाजार पर चिंता
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चारा और दाल विदेश से मंगाई जा रही है, जबकि रिसर्च संस्थान कानपुर में है। 500 बिलियन का व्यापार विदेशों को दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद का दुरुपयोग हो रहा है और संडीला में पकड़े गए मामले में दिल्ली से फोन आने पर आरोपी छूट गया। उन्होंने कानपुर-उन्नाव के टेनरी उद्योग के ठप होने पर भी चिंता जताई।

चीन की घुसपैठ पर सवाल
राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि चीन भारत का बाजार और जमीन छीन रहा है। उन्होंने पूछा कि 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और 2026 में कितना है। उन्होंने सरकार पर चीन के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।