हम दो, हमारे दो दर्जन नारे से सियासी तूफान, ओवैसी के नेता शौकत अली के बयान से मचा बवाल
उत्तर प्रदेश के एआईएमआईएम अध्यक्ष शौकत अली ने मुरादाबाद में एक रैली के दौरान जनसंख्या वृद्धि पर नारा लगाकर विवाद खड़ा कर दिया, जिससे तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के एक बयान ने देशभर में नया विवाद खड़ा कर दिया है। रविवार शाम मुरादाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शौकत अली ने जनसंख्या वृद्धि और समुदाय की ताकत को लेकर ऐसा नारा दिया, जिस पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोग भी इस पर सवाल उठा रहे हैं।
हम दो, हमारे दो दर्जन का नारा
जनसभा के दौरान शौकत अली ने मंच से कहा, हम दो, हमारे दो दर्जन। उन्होंने दावा किया कि उनके खुद के आठ बच्चे हैं, जबकि उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह मुसलमानों को ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने खुले मंच से कहा कि जब अल्लाह दे रहा है, तो लेते रहो और जब तक देता रहे, लेते रहो। उनका कहना था कि देश में कुछ लोग आबादी बढ़ने को लेकर चिंता जताते हैं, लेकिन अगर आबादी बढ़ेगी तो देश मजबूत होगा।
चीन से तुलना कर दिया तर्क
शौकत अली ने अपने बयान में चीन का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि चीन की आबादी ज्यादा है और वह एक मजबूत देश है। इसी आधार पर उन्होंने तर्क दिया कि अगर भारत की आबादी बढ़ेगी तो देश और ज्यादा मजबूत बनेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ‘हम दो, हमारे दो दर्जन’ हों, तो लोगों को इससे क्या दिक्कत है।
हिंदुओं और शादी को लेकर टिप्पणी
सभा के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि लोग मुसलमानों की संख्या को लेकर क्यों परेशान रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग खुद शादी नहीं करते, वही दूसरों को परिवार बढ़ाने की सलाह देते हैं। उन्होंने मंच से कहा कि हिंदू भाइयों को भी ज्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए, ताकि देश मजबूत हो सके। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नाराजगी और बढ़ गई।
समाजवादी पार्टी और मॉब लिंचिंग पर आरोप
जनसंख्या से जुड़े बयान के अलावा शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल अख्तर का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वह मुरादाबाद में शराब के कारोबार से जुड़े हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुसलमानों के साथ कथित उत्पीड़न और मॉब लिंचिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मदरसे बंद किए जा रहे हैं, हिजाब खींचे जा रहे हैं, मांस के नाम पर भीड़ हिंसा हो रही है और मुसलमानों को सार्वजनिक जगहों पर असुरक्षित महसूस कराया जा रहा है।
बयान पर बढ़ती प्रतिक्रिया
शौकत अली के इन बयानों के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। उनके बयान को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है और कई लोग इसे भड़काऊ बता रहे हैं, जबकि AIMIM समर्थक इसे अपनी बात रखने का अधिकार बता रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0