उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से, 11 को पेश होगा करीब 9 लाख करोड़ का बजट

उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगा। योगी सरकार द्वारा विकास और जन कल्याण पर केंद्रित लगभग 9 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किए जाने की उम्मीद है।

Feb 8, 2026 - 10:32
 0
उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से, 11 को पेश होगा करीब 9 लाख करोड़ का बजट

उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 9 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस सत्र को लेकर सरकार और प्रशासन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बजट सत्र से पहले सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों की बैठकें होंगी। सर्वदलीय बैठक में सत्र को सुचारू रूप से चलाने पर चर्चा की जाएगी। हालांकि, विपक्ष एक बार फिर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। पिछले शीतकालीन सत्र में यूपी एसआईआर और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का मुद्दा काफी गरमाया था, और इस बार भी एसआईआर का मुद्दा चर्चा में रहने की संभावना है।

राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत
यूपी विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी को सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण से शुरू होगा। राज्यपाल दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। इसके बाद सदन में औपचारिक कार्य होंगे। 10 फरवरी को विधानसभा सदस्यों के निधन से संबंधित सूचना पढ़ी जाएगी और फिर कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।

11 फरवरी को पेश होगा बजट
11 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस बार बजट का आकार करीब 9 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। बजट पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी, जो 12 फरवरी तक चलेगी। 13 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चर्चा का जवाब देंगे। इसके बाद 16 से 20 फरवरी तक विभागीय बजट प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा होगी।

विकास और जनकल्याण पर रहेगा फोकस
सरकार का मुख्य ध्यान प्रदेश के विकास और आम लोगों की सुविधाओं पर रहेगा। सड़क, पुल, शहरों के विकास और बुनियादी ढांचे पर बड़े खर्च की संभावना है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूपी का बजट 8.08 लाख करोड़ रुपये का था, जो पिछले साल से 9.8 प्रतिशत अधिक था। यह बजट 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा, इसलिए किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के लिए बड़ी योजनाओं की उम्मीद की जा रही है।

इन अध्यादेशों को किया जाएगा पेश
बजट सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश 2026, राज्य विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश 2026, उत्तर प्रदेश नगर निगम (संशोधन) अध्यादेश 2026 और उत्तर प्रदेश नगर पालिका (संशोधन) अध्यादेश 2026 को सदन में पेश किया जाएगा।

लखनऊ में बदली रहेगी व्यवस्था
बजट सत्र के दौरान लखनऊ में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। विधानसभा और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन पर रोक रहेगी। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन ने सभी तैयारियों की समीक्षा कर ली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।