अखिलेश यादव के मुंबई दौरे पर मंत्री राजभर का तंज, बोले- पहले यूपी संभालिए, वहां पर तो सिर्फ दो विधायक
'मुंबई क्यों जा रहे हैं अखिलेश?' इस एक सवाल ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। ओम प्रकाश राजभर ने न सिर्फ सपा में अंदरूनी गड़बड़ी का दावा किया, बल्कि सांसदों को रिसॉर्ट भेजने और संभावित बगावत तक की बात कह दी। जानिए क्या है इन दावों के पीछे की पूरी सियासी कहानी...
उत्तर प्रदेश में मानसून सत्र शुरू होने से पहले सियासी बयानबाजी अपने चरम पर पहुंच गई है। सत्ता पक्ष लगातार समाजवादी पार्टी को घेरने में जुटा है, वहीं अब पार्टी के अंदरूनी हालात को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। शनिवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर ऐसा हमला बोला, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी।
अखिलेश के मुंबई दौरे पर राजभर का सवाल
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव के संभावित मुंबई दौरे पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अखिलेश बाबू छुप-छुपकर मुंबई क्यों जा रहे हैं? वहां तो केवल दो विधायक हैं। वे भी अगर टूट जाएं तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा। यहां उत्तर प्रदेश में जो लोग भागने की तैयारी में हैं, उन्हें कौन संभालेगा? राजभर के इस बयान के बाद सपा के भीतर कथित नाराजगी और टूट की अटकलों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रिसॉर्ट पॉलिटिक्स का भी किया जिक्र
राजभर ने अपने पोस्ट में यह भी दावा किया कि मानसून सत्र से पहले समाजवादी पार्टी अपने सांसदों को कर्नाटक के एक रिसॉर्ट में ले जाने की तैयारी कर रही है, लेकिन यह योजना पूरी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि जैसा वह पहले भी कह चुके हैं, समाजवादी पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है और पार्टी में अंदरखाने बड़ी गड़बड़ी चल रही है। राजभर के ताजा हमले को हाल ही में सामने आए रुचि वीरा प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम में आमंत्रण नहीं मिलने पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी। इसके बाद विपक्षी दलों ने इसे पार्टी के भीतर बढ़ती असहमति का संकेत बताते हुए लगातार सवाल उठाने शुरू कर दिए।
फिर चर्चा में बागी बलिया का लाल वाला बयान
यह पहला मौका नहीं है जब ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट का दावा किया हो। इससे पहले उन्होंने कहा था कि सपा से सबसे पहले बगावत बागी बलिया का लाल करेगा। उनका इशारा बलिया के सांसद सनातन पांडेय की ओर माना गया था। हालांकि, सनातन पांडेय ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है और टूट जैसी कोई स्थिति नहीं है।
मुंबई दौरे के पीछे क्या है वजह?
अखिलेश यादव के मुंबई जाने की चर्चा के पीछे एक पारिवारिक समारोह को वजह बताया जा रहा है। शनिवार को महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक शरद पवार की नातिन रेवती सुले और भाजपा नेता अरुण लखानी के बेटे सारंग लखानी का विवाह समारोह आयोजित है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि अखिलेश यादव इस समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई जा सकते हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से उनके कार्यक्रम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
