खांसी और गले की खराश से परेशान? जानिए जापान का असरदार प्याज-शहद नुस्खा
बदलते मौसम में खांसी और गले की खराश से राहत पाने के लिए प्याज और शहद के सरल जापानी नुस्खे के बारे में जानें।
मौसम बदलते ही सर्दी, जुकाम, खांसी और गले की खराश जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। कई लोगों को लगातार खांसी की वजह से सीने और गले में दर्द तक महसूस होने लगता है। दवाइयों के साथ-साथ कुछ घरेलू उपाय भी ऐसे हैं जो जल्दी राहत दिला सकते हैं। खास बात यह है कि एक ऐसा ही नुस्खा जापान में भी काफी प्रचलित है। वहां लोग खांसी और गले की खराश से राहत पाने के लिए प्याज और शहद का खास तरीका अपनाते हैं। कहा जाता है कि इससे गले को जल्दी आराम मिलता है और खांसी कम होने लगती है।
प्याज और शहद का जापानी तरीका
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में इस उपाय को साझा किया गया है। इसमें बताया गया है कि जापान में लोग खांसी दूर करने के लिए एक मीडियम साइज का प्याज लेते हैं। सबसे पहले प्याज को बिना काटे छील लें। फिर नीचे की ओर से चाकू की मदद से उसमें एक छोटा गड्ढा बना लें। इस गड्ढे में करीब 2 चम्मच शहद डालें और आधा नींबू का रस निचोड़ दें। इसके बाद गैस की आंच जलाकर प्याज को सीधे गैस पर रख दें। शहद को हल्का गर्म होने दें और उसमें 2 चुटकी सेंधा नमक डाल दें। अगर सेंधा नमक न हो तो सामान्य नमक भी इस्तेमाल किया जा सकता है। जब मिश्रण हल्का गुनगुना हो जाए तो गैस बंद कर दें। अब इस गुनगुने शहद को खा लें। ध्यान रहे कि इसे खाने के बाद पानी नहीं पीना है। ऐसा करने से गले की खराश और खांसी में काफी आराम मिल सकता है।
भारत में भी अपनाया जाता है उपाय
शहद और सेंधा नमक का यह उपाय भारत में भी लोग अपनाते हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर इसे सर्दी और खांसी के असर को कम करने में मददगार मानते हैं। इसके लिए आप किसी बर्तन में शहद को हल्का गुनगुना कर लें। फिर 2 चम्मच शहद में 1 छोटी चम्मच सेंधा नमक मिलाकर चाट लें। इससे गले की जलन और खराश में राहत मिलती है और खांसी कम होती है। हालांकि यदि खांसी लंबे समय तक बनी रहे या ज्यादा परेशानी हो, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
