बारात में सम्मान चाहिए... बस इतनी सी बात और शादी बन गई अखाड़ा, दुल्हन के भाइयों ने दूल्हे को पीटा

Uttar Pradesh News: जालौन के उरई में शादी समारोह के दौरान दूल्हा पक्ष पर हमला हो गया, जिसमें कई लोग घायल हुए। घटना के बाद शादी की रस्में रुक गईं और दुल्हन मंडप में इंतजार करती रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।

Apr 26, 2026 - 14:17
 0
बारात में सम्मान चाहिए... बस इतनी सी बात और शादी बन गई अखाड़ा, दुल्हन के भाइयों ने दूल्हे को पीटा

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के उरई शहर में एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब द्वारचार की रस्म के दौरान दूल्हा पक्ष पर अचानक हमला कर दिया गया। करमेर रोड स्थित अष्टिका गेस्ट हाउस में चल रही इस शादी में खुशियों का माहौल पलभर में दहशत में बदल गया। हमले में दूल्हा, उसके पिता और भाई समेत कई बाराती घायल हो गए। घटना के बाद पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई और शादी की सभी रस्में रुक गईं। दुल्हन मंडप में बैठी अपने विवाह का इंतजार करती रही, जबकि दूल्हा पक्ष इलाज और कार्रवाई की मांग में जुट गया।

द्वारचार के दौरान अचानक हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरही निवासी प्रदीप कुमार पाल ने बताया कि उनके भाई की शादी अष्टिका गेस्ट हाउस में हो रही थी। दुल्हन के पिता अखिलेश सिंह पाल, जो पथरेटा के निवासी हैं और उरई के राजेंद्र नगर में रहते हैं, उनकी बेटी के साथ यह विवाह तय था। रात में द्वारचार की तैयारियां चल रही थीं, तभी अचानक 10 से 20 युवक वहां पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के दूल्हा पक्ष पर हमला कर दिया।

दूल्हा और परिजनों को बनाया निशाना
प्रदीप कुमार पाल के मुताबिक, हमलावरों ने सबसे पहले उनके पिता और दूल्हे भाई को पकड़कर पीटना शुरू किया। इसके बाद उन्हें भी निशाना बनाया गया। अन्य बारातियों के साथ भी जमकर मारपीट की गई। इस हमले में दूल्हे पक्ष के चार से पांच लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

हमलावर दुल्हन पक्ष के रिश्तेदार
प्रदीप ने आरोप लगाया कि हमलावर दुल्हन पक्ष की बुआ के बेटे थे। उन्होंने कुछ आरोपियों के नाम भी बताए, जिनमें अवधेश, मलखान, संतोष, संदीप, काशीराम, लालू और मुन्ना शामिल हैं। बताया गया कि इनके पिता मूलचंद दादरी थाना आटा क्षेत्र के निवासी हैं।

मामूली बात पर बड़ा विवाद
प्रदीप के अनुसार, पहले जब तिलक लेकर दुल्हन पक्ष उनके गांव आया था, तब सिर्फ इतना कहा गया था कि बारात में भी उसी तरह सम्मान और व्यवस्था होनी चाहिए। इसी छोटी सी बात को लेकर बाद में इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया और मारपीट की घटना हो गई।

पुलिस पहुंची, जांच शुरू
घटना के बाद मौके पर दहशत फैल गई, जिसे स्थानीय लोगों ने किसी तरह संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। उरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।