8 मार्च को मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, जानिए इस दिन का इतिहास और महत्व
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। जानिए इसका विषय, इतिहास और यह दिन विश्व स्तर पर महिलाओं के अधिकारों और लैंगिक समानता के लिए क्यों मनाया जाता है।
हर साल 8 मार्च को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। साल 2026 में यह दिन रविवार को मनाया जाएगा। यह दिन महिलाओं के सम्मान, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को याद करने के लिए समर्पित होता है। इस दिन लोग अपने परिवार, दोस्तों और परिचित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हैं और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं। साथ ही इस अवसर पर महिलाओं के अधिकार, जेंडर इक्वालिटी और समाज में उनकी भूमिका को लेकर जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया जाता है।
क्या है अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की थीम
हर साल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को एक खास थीम के साथ मनाया जाता है। साल 2026 के लिए इसकी थीम “दान से लाभ” रखी गई है। इस थीम का अर्थ यह है कि जब कोई व्यक्ति किसी दूसरे की मदद करता है, तो उसका लाभ केवल मदद पाने वाले व्यक्ति को ही नहीं बल्कि मदद करने वाले को भी मिलता है। इस थीम के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि लोग अपने छोटे-छोटे योगदान से भी जेंडर इक्वालिटी को बढ़ावा दे सकते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
महिला दिवस के इतिहास की शुरुआत
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का इतिहास कई साल पुराना है। साल 1908 में अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में लगभग 15,000 महिलाओं ने एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में महिलाओं ने काम के घंटे कम करने, बेहतर वेतन और वोट देने के अधिकार की मांग की थी। इस आंदोलन को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की नींव माना जाता है। इसके लगभग दो साल बाद यानी 1910 में क्लारा जेटकिन ने कोपेनहेगन में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद 1911 में पहली बार ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, जर्मनी और स्विट्जरलैंड में महिला दिवस मनाया गया।
8 मार्च की तारीख क्यों चुनी गई
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के लिए 8 मार्च की तारीख भी एक ऐतिहासिक घटना से जुड़ी हुई है। दरअसल 8 मार्च 1917 को रूस में महिलाओं ने “ब्रेड एंड पीस” यानी रोटी और शांति की मांग को लेकर एक बड़ी हड़ताल की थी। इस आंदोलन के बाद वहां की सरकार को महिलाओं को वोट देने का अधिकार देना पड़ा। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में चुना गया। बाद में 1975 में संयुक्त राष्ट्र ने भी इस दिन को आधिकारिक रूप से मान्यता दी। तभी से दुनिया भर में हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
