फतेहपुर में पिता ने बेटे और बहू को मारी गोली, दोनों गंभीर हालत में कानपुर रेफर, लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग के बाद आरोपी पिता फरार

फतेहपुर के सीतापुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता ने लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से बेटे और बहू को गोली मार दी। दोनों गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि आरोपी पिता फरार है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया?

Jun 24, 2026 - 18:24
Jun 24, 2026 - 18:24
 0
फतेहपुर में पिता ने बेटे और बहू को मारी गोली, दोनों गंभीर हालत में कानपुर रेफर, लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग के बाद आरोपी पिता फरार

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू को गोली मार दी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।

लाइसेंसी बंदूक से बेटे-बहू पर की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक सीतापुर गांव निवासी रामखेलावन का परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक निकाल ली और बेटे अवनीश तथा बहू मनीषा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।

वारदात के बाद आरोपी पिता फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रामखेलावन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिंदकी कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की मूल वजह क्या थी और फायरिंग तक नौबत कैसे पहुंची।

गांव में फैली दहशत, पुलिस कर रही जांच
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-: रवि सिंह 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0