एटा में महिला ने मेडिकल कॉलेज कर्मचारी को सबके सामने चप्पलों से पीटा, कूलर में पानी भरने के दौरान हुई गलतफहमी ने लिया विवाद का रूप, मचा हंगामा
एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में मामूली गलतफहमी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। कूलर में पानी भर रहे कर्मचारी को महिला ने सबके सामने चप्पलों से पीट दिया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि अस्पताल में मचा हंगामा...
अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर कहासुनी हो जाती है, लेकिन एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार देर रात एक मामूली गलतफहमी ने ऐसा रूप ले लिया कि पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। एक महिला ने मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी को सबके सामने चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस घटना से वार्ड में मौजूद मरीज, तीमारदार और अस्पताल स्टाफ भी हैरान रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।
कूलर में पानी भरने के दौरान शुरू हुआ पूरा विवाद
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज के आई विभाग में तैनात कर्मचारी अखिलेश शुक्रवार रात ईएनटी वार्ड में लगे कूलर में पानी भरने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां मौजूद एक व्यक्ति से पानी का पाइप बंद करने के लिए कहा ताकि वह कूलर में आसानी से पानी भर सकें। बताया जा रहा है कि कर्मचारी की यह बात उस व्यक्ति की पत्नी को नागवार गुजर गई। महिला ने कर्मचारी की बात को गलत तरीके से समझ लिया और बिना कुछ सुने गुस्से में आकर उन पर चप्पलों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तो किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। देखते ही देखते महिला कर्मचारी पर चप्पल बरसाने लगी, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी खुशनुमा ने बताया कि कर्मचारी सामान्य तरीके से कूलर में पानी भर रहा था। इसी बीच महिला वहां पहुंची और अचानक चप्पल से मारना शुरू कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ देर तक लोग सिर्फ देखते रह गए।
कर्मचारी बोला- सिर्फ पानी बंद करने के लिए कहा था
पीड़ित कर्मचारी अखिलेश ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी के तहत कूलर में पानी भरने आए थे। उन्होंने महिला के पति से केवल पानी का पाइप बंद करने का अनुरोध किया था। उनका कहना है कि इसी बात को लेकर महिला भड़क गई और सीधे उनके चेहरे पर चप्पलों से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था और पूरी घटना गलतफहमी की वजह से हुई।
महिला ने कुछ भी बोलने से किया इनकार
घटना के बाद जब महिला से पूरे मामले को लेकर बातचीत करने की कोशिश की गई तो उसने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उसने विवाद की वजह या अपनी सफाई पर कुछ भी नहीं कहा।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों में हो गया समझौता
सूचना मिलने पर पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस के मुताबिक मामले को मौके पर ही शांत करा दिया गया। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है और किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है। ऐसे में फिलहाल इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
रिपोर्ट-: शिवम कश्यप
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
