एटा में तेज बुखार से तड़पती रही महिला, इलाज के बजाय इमरजेंसी में हुआ हंगामा, डॉक्टरों और गार्डों पर लगे अभद्रता का आरोप

एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तेज बुखार से पीड़ित महिला के इलाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिजनों ने डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों पर अभद्रता और इलाज से इंकार करने का आरोप लगाया है। आखिर इमरजेंसी वार्ड में ऐसा क्या हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच गया? 

Jun 24, 2026 - 09:44
Jun 24, 2026 - 09:45
 0
एटा में तेज बुखार से तड़पती रही महिला, इलाज के बजाय इमरजेंसी में हुआ हंगामा, डॉक्टरों और गार्डों पर लगे अभद्रता का आरोप

एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड मंगलवार रात उस समय विवाद का केंद्र बन गई, जब तेज बुखार से पीड़ित एक विवाहिता को लेकर पहुंचे परिजनों ने इलाज न मिलने का आरोप लगाया। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि इमरजेंसी वार्ड के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों से इलाज की गुहार लगाने के बावजूद उपचार नहीं किया गया, बल्कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अस्पताल परिसर से बाहर निकाल दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।

इलाज को लेकर डॉक्टरों और परिजनों के बीच हुई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक ग्राम कुनावली, थाना कोतवाली देहात निवासी सपना, पत्नी रवि, मंगलवार रात तेज बुखार से पीड़ित हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। आरोप है कि इलाज को लेकर डॉक्टरों और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद डॉक्टरों ने कथित तौर पर उपचार करने से इंकार कर दिया, जिससे परिजनों में नाराजगी फैल गई।

'इलाज मांगने पर अस्पताल से निकाल दिया बाहर'
महिला के पति रवि का आरोप है कि वह लगातार डॉक्टरों से अपनी पत्नी का इलाज शुरू करने की अपील करते रहे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें इमरजेंसी वार्ड से बाहर निकाल दिया। इसके चलते करीब आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

सूचना पर पहुंची पुलिस, निजी अस्पताल ले गए परिजन
मामले की सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। इसके बाद परिजन महिला को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर चले गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से  कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 

रिपोर्ट-: शिवम कश्यप 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0