एटा में सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर घुसा, 5 यात्रियों की मौत, 12 हुए घायल, बस खराब होने पर नीचे उतरे थे यात्री
एटा में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खराब होकर सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में तेज रफ्तार कंटेनर पीछे से घुस गया। हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हैं। आखिर हादसे के वक्त क्या हुआ और चश्मदीदों ने क्या बताया...
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। बागवाला थाना क्षेत्र के कीलर मऊ गांव के पास तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी एटा डिपो की रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस के कई यात्री नीचे उतरकर बस के पीछे और सड़क किनारे खड़े थे, जो कंटेनर की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बस व कंटेनर के बीच फंस गए।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक एटा डिपो की रोडवेज बस तकनीकी खराबी के कारण हाईवे किनारे रोक दी गई थी। चालक और परिचालक बस को ठीक कराने में जुटे थे। इस दौरान कई यात्री बस से उतरकर पीछे और सड़क किनारे खड़े हो गए। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल बाद यही जगह मौत का मैदान बन जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर आया और बिना रफ्तार कम किए सीधे बस के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के पीछे मौजूद यात्रियों को भागने तक का मौका नहीं मिला। धमाके जैसी आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे। सड़क पर घायल लोग दर्द से कराह रहे थे, जबकि कुछ लोग अपने परिजनों को पुकार रहे थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। बागवाला थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में सतेंद्र (38) निवासी रतनपुर, बुलंदशहर, राजेश (34) निवासी दौलतपुर नवाबगंज, फर्रुखाबाद, सुखराम (30) निवासी फर्रुखाबाद और शैलेश (29) निवासी उम्मरपुर, नवाबगंज, फर्रुखाबाद की मौत हो गई। एक अन्य मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है।
खराब बस में कंटेनर ने मारी टक्कर
मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि उनका भाई परिवार के साथ दिल्ली जा रहा था। रास्ते में बस खराब हो गई तो सभी नीचे उतरकर इंतजार करने लगे। इसी दौरान कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में राजेश की मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई अवधेश और परिवार की दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ मिनट पहले तक साथ बैठे परिवार के लोग अचानक अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस के बीच बंट गए। घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंसार ने बताया कि बस खराब होने के बाद यात्री आराम से नीचे खड़े थे। कोई बीड़ी पी रहा था, कोई लघुशंका के लिए गया था। तभी तेज रफ्तार कंटेनर आया और बस में जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ लोग कई फीट दूर जा गिरे, जबकि कई बस और कंटेनर के बीच दब गए। चारों तरफ सिर्फ चीखें सुनाई दे रही थीं।
हादसे में 12 लोग हुए घायल
हादसे में आनंद, विवेक, पूनम, नीतीश, विशाल, रवी, यतेंद्र, दक्ष, विक्रांत, सुमित, रिशु और ब्रजेश समेत 12 लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पहले दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिर मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों का हाल जाना। डीएम ने डॉक्टरों को हर घायल का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राहत और बचाव कार्य की पूरी निगरानी की।
डीएम ने बताया कैसे हुआ हादसा
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि रोडवेज बस तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसे ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी। बस के पीछे खड़े यात्री सीधे उसकी चपेट में आ गए, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर सड़क से हटवा दिया है और यातायात सामान्य करा दिया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-: शिवम कश्यप
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
