होली के बाद ऐसे हटाएं जिद्दी रंग, दादी-नानी के आसान घरेलू नुस्खे आएंगे काम
होली के जिद्दी रंगों को सुरक्षित रूप से हटाने के लिए बेसन उबटन, तेल की मालिश और दूध-ग्लिसरीन के मिश्रण जैसे सरल और प्रभावी घरेलू उपचार सीखें।
होली का त्योहार रंगों और खुशियों का प्रतीक है। कोई गुलाल से होली खेलता है तो कोई पक्के रंगों से। लेकिन कई बार इन रंगों में मिलावट भी हो सकती है, जिससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। होली खेलने के बाद सबसे जरूरी काम होता है त्वचा पर लगे रंग को सही तरीके से हटाना। अक्सर लोग रंग छुड़ाने के लिए बहुत मेहनत करते हैं, फिर भी रंग पूरी तरह साफ नहीं हो पाता। ऐसे में इस बार आप दादी-नानी के बताए कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं, जो त्वचा को बिना नुकसान पहुंचाए रंग हटाने में मदद करते हैं।
बेसन और दही का उबटन करेगा कमाल
सबसे पहले एक कटोरी में बेसन लें। इसमें थोड़ा दही, हल्दी पाउडर और नींबू का रस मिलाएं। इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक गाढ़ा उबटन तैयार कर लें। अब इस उबटन को चेहरे और शरीर पर लगाएं और सूखने दें। सूखने के बाद हल्के हाथों से रगड़ते हुए धो लें। यह उबटन त्वचा पर चढ़े रंग को हटाने में मदद करता है और त्वचा को मुलायम भी बनाता है।
तेल की मालिश से ढीला होगा रंग
पुराने समय से ही होली के रंग को उतारने के लिए तेल की मालिश की सलाह दी जाती रही है। आप नारियल तेल, सरसों का तेल या बादाम तेल में से किसी एक का चुनाव कर सकते हैं। तेल को त्वचा पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। इससे रंग ढीला पड़ जाता है और आसानी से निकलने लगता है। इसके बाद गुनगुने पानी से स्नान करें।
कच्चा दूध और ग्लिसरीन भी है असरदार
एक कटोरी में एक चम्मच कच्चा दूध लें और उसमें एक चम्मच ग्लिसरीन मिलाएं। दोनों को अच्छी तरह मिक्स करें। अब कॉटन बॉल को इस मिश्रण में डुबोकर चेहरे को साफ करें। यह तरीका त्वचा पर चढ़े रंग को हटाने में कारगर साबित हो सकता है और त्वचा को नमी भी देता है। इन आसान घरेलू उपायों से आप होली के जिद्दी रंगों को बिना ज्यादा मेहनत के हटा सकते हैं और अपनी त्वचा को सुरक्षित रख सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
