जनता दर्शन में बच्ची की गुहार सुनते ही भावुक हुए सीएम योगी… BTech पढ़ने का सपना पूरा करने का दिया भरोसा
Yogi Adityanath: जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक मेधावी छात्रा की BTech पढ़ाई के लिए मदद का भरोसा दिया। वहीं पुलिस की लापरवाही और अवैध कब्जों की शिकायतों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान शिक्षा, पुलिस कार्रवाई और अवैध कब्जों से जुड़ी कई शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने हर मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
BTech करना चाहती थी छात्रा सीएम ने दिलाया मदद का भरोसा
जनता दर्शन में लखनऊ की एक छात्रा अपनी बुजुर्ग मां के साथ पहुंची थी। छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने इंटरमीडिएट परीक्षा अच्छे अंकों से पास की है और आगे बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है। हालांकि आर्थिक तंगी के कारण उसके सामने पढ़ाई जारी रखने की समस्या खड़ी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मार्कशीट देखी और उसकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने छात्रा से पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसका प्रवेश लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद छात्र की शिक्षा आर्थिक कारणों से रुकने नहीं देगी। मुख्यमंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद छात्रा और उसकी मां खुशी के साथ वहां से लौटीं और उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस की लापरवाही और अवैध कब्जों पर सख्त हुए मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में कई लोगों ने पुलिस की अनदेखी, कार्रवाई में देरी और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री को सौंपीं। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को ध्यान से सुना और शासन के अधिकारियों को मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।
पहले जिला और मंडल स्तर पर शिकायत करने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग ऐसे भी मिले जो सीधे मुख्यमंत्री के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले जिला या मंडल स्तर के अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी है। कई लोगों ने बताया कि वे सीधे जनता दर्शन में आए हैं। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से कहा कि भीषण गर्मी के बीच अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और सबसे पहले जनपद तथा मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकता है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
