अधिवक्ता शोएब हत्याकांड: चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, कातिलों की तलाश जारी
बाराबंकी में वकील शोएब किदवई की हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की जांच जारी है, लेकिन आरोपी अभी भी फरार हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जुड़े बाराबंकी जिले में अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। 13 फरवरी 2026, शुक्रवार को सफेदाबाद क्षेत्र के असैनी मोड़ पर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं, लेकिन अब तक हत्यारों का सुराग नहीं मिल पाया है।
असैनी मोड़ पर बरसी गोलियां
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के सफेदाबाद स्थित असैनी मोड़ पर गदिया गांव निवासी अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी को सरेराह गोलियों से भून दिया गया। बदमाशों ने उनके सीने में ताबड़तोड़ गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। इसे पुलिस के लिए खुली चुनौती माना जा रहा है।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने पांच टीमें गठित की हैं। जमीनी मुखबिर तंत्र से लेकर सर्विलांस तक हर पहलू पर जांच की जा रही है। पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसटीएफ अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही हैं। हालांकि चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।
वकीलों का अल्टीमेटम बेअसर
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था और चेतावनी दी थी कि अगर कातिल गिरफ्तार नहीं हुए तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। लेकिन चार दिन गुजरने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे वकीलों में नाराजगी बनी हुई है।
एसपी का बयान
अर्पित विजयवर्गीय,एसपी बाराबंकी का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
