बलिया में आवारा कुत्तों का हमला, तीन बच्चे घायल; 4 साल के लड्डू की हालत गंभीर
बलिया में आवारा कुत्तों के हमले में तीन बच्चे घायल हो गए। एक 4 वर्षीय लड़के को सिर में गंभीर चोटें आईं और उसे इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों के हमले में तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 4 साल का मासूम लड्डू सबसे ज्यादा गंभीर बताया जा रहा है। कुत्तों के काटने से उसके सिर पर गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों को जख्म को ठीक करने के लिए 32 टांके लगाने पड़े। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है।
खेलते समय कुत्तों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार रानीगंज बाजार कोटवा के रहने वाले रोहित शाह बाजार में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास ठेला लगाकर फल बेचते हैं। उनका चार साल का बेटा लड्डू ठेले के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास की एक गली में पहुंच गया। उसी गली में पहले से कई आवारा कुत्ते मौजूद थे। जैसे ही बच्चा वहां पहुंचा, कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया।
लोगों ने बचाई बच्चे की जान
कुत्तों ने लड्डू को कई जगह से काटकर बुरी तरह घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता रोहित और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्चे को बचाया। घायल लड्डू को इलाज के लिए सोनबारसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
स्कूल से लौटते समय दो और बच्चों पर हमला
इसी क्षेत्र में एक और घटना सामने आई। भीखा छपरा गांव के रहने वाले शत्रुघ्न सिंह के 13 साल के बेटे एहम और 6 साल की बेटी सृष्टि स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले एक कुत्ते ने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में सृष्टि के दाहिने हाथ और पैर में चोट आई, जबकि एहम के बाएं हाथ और पैर में कुत्ते ने काट लिया। दोनों घायल बच्चों को तुरंत सोनबरसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में किया गया इलाज
डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को एंटी-रेबीज टीका लगाकर उनका इलाज किया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोग काफी परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
