रामगंज चौकी के दो सिपाहियों पर युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

अमेठी के एक युवक ने रामगंज के दो पुलिसकर्मियों पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया और कड़ी कार्रवाई तथा चिकित्सा जांच की मांग की।

May 7, 2026 - 08:47
 0
रामगंज चौकी के दो सिपाहियों पर युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर युवक के साथ मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। संसारीपुर गांव निवासी विकास वर्मा ने पुलिस अधीक्षक अमेठी को शिकायती पत्र देकर चौकी रामगंज के दो सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बिना किसी वजह के उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा और चौकी ले जाकर लाठी-डंडों व बेल्ट से मारपीट की। पीड़ित ने मेडिकल परीक्षण कराने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

बारात से लौटते समय युवक को पकड़ने का आरोप
पीड़ित विकास वर्मा पुत्र मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि वह 30 अप्रैल की रात सुल्तानपुर जिले के भीखमपुर गांव से बारात में शामिल होकर वापस लौट रहा था। रात में वह संसारीपुर स्थित श्री श्याम वाटिका मैरिज लॉन पहुंचा था। युवक का आरोप है कि उसी समय चौकी रामगंज की पुलिस वहां पहुंची और बिना कोई कारण बताए उसे पकड़ लिया। विकास के मुताबिक चौकी के सिपाही प्रवीण कुमार सिंह और बालेन्द्र यादव ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

चौकी ले जाकर बेल्ट और डंडों से पीटने का आरोप
प्रार्थना पत्र में युवक ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उसका गला दबाया और जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर चौकी ले गए। वहां उसे लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा गया। पीड़ित का कहना है कि मारपीट में उसके कान और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। हालत बिगड़ने पर गांव वालों को बुलाया गया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर करवाए और शिकायत करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

एसपी से कार्रवाई की मांग
विकास वर्मा ने पुलिस अधीक्षक अमेठी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण कराने की अपील की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 (रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।