नमाज विवाद में सख्त हुआ हाईकोर्ट… बरेली के DM-SSP को तलब, हाजिर न होने पर गैर-जमानती वारंट की चेतावनी

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बरेली के डीएम और एसएसपी को नमाज रोकने के मामले में अवमानना केस में तलब किया है और 23 मार्च को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।

Mar 12, 2026 - 11:48
 0
नमाज विवाद में सख्त हुआ हाईकोर्ट… बरेली के DM-SSP को तलब, हाजिर न होने पर गैर-जमानती वारंट की चेतावनी

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को अवमानना के मामले में व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। अदालत ने दोनों अधिकारियों को तलब करते हुए साफ कहा है कि अगर वे निर्धारित तारीख पर अदालत में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए गैर जमानती वारंट भी जारी किया जा सकता है। हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 23 मार्च को दोपहर 2 बजे का समय तय किया है। यह मामला जनवरी 2026 में बरेली जिले के एक गांव में नमाज पढ़ने से रोकने की घटना से जुड़ा हुआ है।

नमाज रोकने की घटना से जुड़ा है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को बरेली के मोहम्मद गंज गांव में हसीन खान के घर पर कुछ लोग सामूहिक रूप से नमाज पढ़ रहे थे। इसी दौरान आसपास रहने वाले हिंदू परिवारों की शिकायत पर पुलिस ने वहां पहुंचकर नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने हसीन खान को नमाज पढ़ते समय घर से उठाकर थाने ले गई और उनका चालान कर दिया। इसी घटना को लेकर हाईकोर्ट में अवमानना की याचिका दाखिल की गई है, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने डीएम और एसएसपी को तलब किया है।

याचिकाकर्ता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हसीन खान का कहना है कि घटना के बाद कुछ लोग उनके पास आए और उन्हें धमकाया गया। आरोप है कि आरिफ प्रधान और मुख्तयार नाम के लोगों ने उनसे कहा कि अगर वह कोर्ट में उनके मुताबिक बयान नहीं देंगे तो उनके घर पर बुलडोजर चला दिया जाएगा। हसीन खान के अनुसार, इसके बाद उन्हें बाहर ले जाकर कुछ कागजों पर अंगूठा लगवाया गया। उन्होंने कहा कि वह पढ़े-लिखे नहीं हैं, इसलिए कागजों में क्या लिखा था, यह उन्हें समझ नहीं आया।

सरकार की ओर से भी कोर्ट में रखा गया पक्ष
इस मामले में सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता अनूप त्रिवेदी ने अदालत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि 16 जनवरी को हसीन खान ने अपनी निजी संपत्ति में नमाज अदा करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन आसपास रहने वाले हिंदू परिवारों की शिकायत के बाद उन्हें निजी परिसर में सामूहिक नमाज पढ़ने से रोक दिया गया था। इसी को लेकर अब अदालत में मामला चल रहा है।

हाईकोर्ट ने दी सुरक्षा, तैनात होंगे दो सशस्त्र गार्ड
इस बीच हसीन खान ने अदालत से अपने परिवार और संपत्ति की सुरक्षा की मांग की थी। इस पर हाईकोर्ट ने आदेश देते हुए उन्हें 24 घंटे सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि उनके साथ दो सशस्त्र गार्ड तैनात किए जाएंगे, जो हर समय उनके साथ रहेंगे। कोर्ट ने आदेश की एक प्रति महाधिवक्ता कार्यालय को भी देने का निर्देश दिया है, ताकि संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा सके। यह याचिका तारिक खान की ओर से दाखिल की गई है और मामले की सुनवाई जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस सिद्धार्थ नंदन की डिवीजन बेंच कर रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि डीएम और एसएसपी अदालत में पेश होकर अपनी कार्रवाई का क्या पक्ष रखते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी भारतीय पत्रकार, कंटेंट राइटर, एंकर और मीडिया प्रोफेशनल हैं। वे डिजिटल पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने Zee News, Suman TV और UP News Network जैसे मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित डिजिटल कंटेंट और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। प्रारंभिक जीवन और शिक्षा अश्वनी तिवारी का जन्म 4 फरवरी 1997 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर, वाराणसी से प्राप्त की। हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की तथा आगे चलकर मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पूरी की। अश्वनी तिवारी ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया से की। उन्होंने 10 दिसंबर 2023 से 15 मार्च 2024 तक India Watch, लखनऊ में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल मीडिया कंटेंट पर कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2024 से 9 जुलाई 2024 तक Zee News, नोएडा में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की। इस दौरान वे न्यूज़ स्क्रिप्ट, डिजिटल कंटेंट और मीडिया रिसर्च से जुड़े रहे। अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 तक उन्होंने Suman TV, हैदराबाद में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। यहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार किए। वर्तमान में UP News Network से सब एडिटर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग का कार्य किया। इस दौरान वे ‘खरी खोटी’ नामक विशेष शो का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा वीडियो प्रस्तुति की। वर्तमान में अश्वनी तिवारी मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अश्वनी तिवारी डिजिटल पत्रकारिता और न्यूज़ प्रोडक्शन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी विशेषज्ञता कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया आधारित न्यूज़ प्रस्तुति में मानी जाती है।