आगरा के कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव, 36 से अधिक लोग बीमार, गांव खाली कराया गया
आगरा के कुक्थारी गांव में एक कोल्ड स्टोरेज पाइपलाइन से अमोनिया गैस लीक होने के बाद 36 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद गांव को खाली कराया और रिसाव पर काबू पा लिया।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गुरुवार रात एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना कुकथारी गांव में स्थित समाधिया कोल्ड स्टोरेज में रात करीब 8:30 बजे हुई। पाइपलाइन अचानक फटने से अमोनिया गैस तेजी से फैलने लगी, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों की हालत बिगड़ गई। कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और उल्टियां होने लगीं। इस घटना में 36 से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे गांव को खाली करा दिया।
मजदूरों में मची भगदड़, आसपास के कोल्ड स्टोरेज तक पहुंची गैस
घटना के समय समाधिया कोल्ड स्टोरेज में मजदूर ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में आलू लोड कर रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ पाइपलाइन फट गई और गैस का रिसाव शुरू हो गया। वहां काम कर रहे 60 से अधिक मजदूर जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। गैस की तेज गंध और धुएं के कारण पास में करीब 50 मीटर दूर स्थित बद्री विशाल कोल्ड स्टोरेज में काम कर रहे मजदूरों को भी सांस लेने में परेशानी होने लगी। कुछ मजदूर बेहोश हो गए। गैस गांव तक पहुंचने के कारण ग्रामीणों की भी तबीयत बिगड़ने लगी।
दो घंटे की मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। आगरा के अलावा फतेहाबाद और बाह क्षेत्र से दमकल की छह गाड़ियां बुलाकर गैस रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। मौके पर जिलाधिकारी अरविंद मल्लाप्पा बंगारी, डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल और एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
लोगों को हुई सांस लेने में दिक्कत, अस्पताल में कराया गया भर्ती
अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने बताया कि पाइपलाइन फटने से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल भेज दिया गया है और अब स्थिति सामान्य है। गांव के निवासी ताराचंद ने बताया कि घर में बैठे-बैठे अचानक महिलाओं और बच्चों को सांस लेने में तकलीफ और उल्टियां होने लगीं, तब लोगों को घटना की जानकारी मिली। बरेली के नवाबगंज निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह ट्रक में आलू लोड कर रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और कर्मचारी मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर भागने लगे। कुछ देर में उन्हें भी तेज गैस की गंध महसूस हुई और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वह करीब 500 मीटर दूर जाकर बेहोश हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अब उनकी हालत में सुधार है।
टैंक में 30 क्विंटल अमोनिया गैस, आधी गैस के रिसाव की आशंका
सीओ देवेन्द्र सिंह ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में ठंडक बनाए रखने के लिए अमोनिया गैस का इस्तेमाल किया जाता है। यह गैस आंखों में जलन और त्वचा पर असर डाल सकती है। अधिक मात्रा में शरीर में जाने पर सांस लेने में गंभीर परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि समाधिया कोल्ड स्टोरेज के टैंक में करीब 30 क्विंटल अमोनिया गैस भरी थी, जिसमें से लगभग 15 क्विंटल गैस के रिसाव होने की आशंका है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
