यूपी होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट हुआ जारी, 19 लाख में से 1.07 लाख अभ्यर्थी हुए पास, 15 साल बाद 41,424 पदों के लिए हुआ था एग्जाम
यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 का रिजल्ट जारी हो गया है। 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों में से 1.07 लाख उम्मीदवार अगले चरण के लिए चयनित हुए हैं। अब असली चुनौती डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की होगी। जानिए कितनी गई कट-ऑफ और क्या है अगली प्रक्रिया...
करीब 15 साल के लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश में निकली होमगार्ड भर्ती अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। लाखों युवाओं का इंतजार रविवार को खत्म हो गया, जब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। अब लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और फिजिकल टेस्ट (PST/PET) की होगी, क्योंकि अंतिम चयन इन्हीं चरणों के आधार पर किया जाएगा।
19 लाख में से केवल 1.07 लाख हुए पास
25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित इस भर्ती परीक्षा में 19 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 41,424 पदों के लिए हुई इस प्रतियोगिता में 1,07,221 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है। यानी हर पद के लिए करीब 2.6 अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। भर्ती बोर्ड ने सफल अभ्यर्थियों की सूची के साथ सभी जिलों की श्रेणीवार कट-ऑफ भी जारी कर दी है।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की जल्द जारी होगी डेट
भर्ती बोर्ड के अपर सचिव एवं परीक्षा नियंत्रक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की तारीखें जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी अफवाह पर ध्यान न दें और भर्ती से जुड़ी हर सूचना केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें।
फिजिकल टेस्ट में पास करना होगा ये मानक
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को पहले शारीरिक मानक परीक्षा (PST) और फिर शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को 28 मिनट में 4.8 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 16 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अलावा निर्धारित लंबाई और वजन के मानकों को पूरा करना भी अनिवार्य होगा।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में रखें ये दस्तावेज तैयार
अगले चरण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हाईस्कूल और अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), रोजगार पंजीकरण प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सहित सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी प्रभावित हो सकती है।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
अभ्यर्थी भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके अपना रिजल्ट देख सकते हैं। बोर्ड ने रिजल्ट डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखने की भी सलाह दी है।
15 साल बाद निकली भर्ती से जुड़ी हैं लाखों उम्मीदें
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड की आखिरी बड़ी भर्ती वर्ष 2011 में हुई थी। इसके बाद 2018 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते उसे रद्द कर दिया गया। ऐसे में करीब डेढ़ दशक बाद निकली इस भर्ती ने लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी की नई उम्मीद दी है। अब सभी की निगाहें डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की तारीखों पर टिकी हैं, क्योंकि यही चरण तय करेगा कि लिखित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों में से आखिर किसे वर्दी पहनने का मौका मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
