तमिलनाडु के घरों में 6720 टन सोना, चुनाव में है अचूक हथियार, जानिए कैसे सोना बन गया यहां का सबसे बड़ा फाइनेंशियल सिस्टम

भारत का एक ऐसा राज्य, जिसके घरों की तिजोरियों में इतना सोना रखा है, जितना कई देशों का सरकारी गोल्ड रिजर्व भी नहीं है। जहां देश के अन्य प्रदेशों में चुनाव के समय कैश और शराब की छापेमारी का चलन है, वहीं इस राज्य में सोने की छापेमारी की जाती है। आज भारत के घरेलू सोने का करीब 28% हिस्सा यानी लगभग 6720 टन सोना अकेले यहां के घरों में रखा हुआ है और ये सोना सिर्फ वहां के घरों में ही नहीं बल्कि राजनीति में भी अहम किरदार निभाता है। ऐसे में आइए जानते हैं इस सोने की पूरी कहानी...

Apr 18, 2026 - 14:59
 0
तमिलनाडु के घरों में 6720 टन सोना, चुनाव में है अचूक हथियार, जानिए कैसे सोना बन गया यहां का सबसे बड़ा फाइनेंशियल सिस्टम

भारत का एक ऐसा राज्य, जिसके घरों की तिजोरियों में इतना सोना रखा है, जितना कई देशों का सरकारी गोल्ड रिजर्व भी नहीं है। जहां देश के अन्य प्रदेशों में चुनाव के समय कैश और शराब की छापेमारी का चलन है, वहीं इस राज्य में सोने की छापेमारी की जाती है। जी हां, हम बात कर रहे हैं भारत के दक्षिण राज्यों में से एक तमिलनाडु की, जिसके पास आज भारत के घरेलू सोने का करीब 28% हिस्सा यानी लगभग 6720 टन सोना अकेले यहां के घरों में रखा हुआ है और ये सोना सिर्फ वहां के घरों में ही नहीं बल्कि तमिलनाडु की राजनीति में भी सोना अहम किरदार निभाता है और यही वजह है कि तमिलनाडु में इन दिनों चुनावी गर्माहट के बीच सभी राजनीतिक पार्टियों ने सोने के दम पर वोटरों को लुभाने की कोशिश शुरू कर दी है, थलापति विजय जैसे नेता जीतने पर दुल्हनों को 8 ग्राम सोना और नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देने का वादा कर रहे हैं। AIADMK भी थलिक्कू थनगम यानी शादी के लिए सोना जैसी स्कीम ला चुकी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर तमिलनाडु के लोगों के पास सोने को लेकर इतनी दीवानगी कहां से आई...

एक कहानी जिससे शुरू हुई स्त्रीधन की परंपरा 
इस जुनून की शुरुआत हजारों साल पहले होती है, जब प्राचीन तमिल समाज में संपन्नता का मतलब ही सोना था। प्रसिद्ध ग्रंथ तिरुक्कुरल में गरीबी को अपमान से जोड़ा गया, जबकि सोना सम्मान और स्थिरता का प्रतीक बना। इसी सोच को मजबूत करती है शीलप्पद्दीगारम (सोने की पायल) की कहानी, जहां कन्नगी अपने पति को बचाने के लिए अपनी सोने की पायल तक त्याग देती है। यहीं से स्त्रीधन की परंपरा गहरी हुई, जिसमें सोना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा बन गया।

जब रोम का सोना तमिलनाडु में आया 
इतिहास में ऐसा दौर भी आया जब दुनिया का सोना खुद तमिलनाडु की ओर बहकर आया। करीब 2000 साल पहले रोमन साम्राज्य और दक्षिण भारत के बीच व्यापार चरम पर था। रोमन लोग भारतीय मसालों, मोतियों और महीन कपड़ों के इतने बड़े उपभोक्ता थे कि उन्हें इसके बदले भारी मात्रा में सोना देना पड़ता था। रोमन इतिहासकार प्लिनी द एल्डर ने अपनी रचनाओं में इस पर चिंता जताई कि रोम हर साल भारत को सोने में भारी भुगतान कर रहा है। यह सोना मायलापुर, अरिकामेडू और मुजिरिस जैसे बंदरगाहों के जरिए तमिलनाडु पहुंचता था। धीरे-धीरे यह व्यापार इतना बड़ा हो गया कि रोमन साम्राज्य को अपने सोने के भंडार पर दबाव महसूस होने लगा। यही वह दौर था जब तमिलनाडु वैश्विक व्यापार का केंद्र बना और सोने की भारी आमद ने यहां के समाज और अर्थव्यवस्था को स्थायी रूप से प्रभावित किया।

समुद्री ताकत और सोने का विस्तार
जब पश्चिमी दुनिया के साथ व्यापारिक रास्ते कमजोर पड़ने लगे, तब भी तमिल शासकों ने अपने आर्थिक प्रभुत्व को बनाए रखा। उन्होंने पूर्वी एशिया की ओर नए व्यापारिक मार्ग तलाशे। राजेंद्र चोल प्रथम जैसे शक्तिशाली चोल शासकों ने समुद्री ताकत का इस्तेमाल करते हुए दक्षिण-पूर्व एशिया तक अपने प्रभाव का विस्तार किया। 11वीं सदी में उन्होंने श्रीविजय साम्राज्य पर हमला कर वहां के व्यापारिक मार्गों पर नियंत्रण स्थापित किया। इस विस्तार का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि व्यापारिक एकाधिकार और संपत्ति का संचय था। युद्धों और व्यापार से जो धन और सोना मिला, वह बड़ी मात्रा में तमिलनाडु लाया गया और यहां के मंदिरों और खजानों में जमा किया गया, जिससे राज्य की आर्थिक नींव और मजबूत हुई।

जब भारत के मंदिर बने गोल्ड बैंक
तमिलनाडु के मंदिरों ने इस सोने को सिर्फ संग्रहित ही नहीं किया, बल्कि उसे अर्थव्यवस्था में सक्रिय रूप से इस्तेमाल भी किया। बृहदेश्वर मंदिर जैसे मंदिरों में राजा और व्यापारी अपना सोना जमा करते थे। मंदिर इस सोने को सुरक्षित रखने के साथ-साथ व्यापारियों और किसानों को कर्ज देने के लिए भी इस्तेमाल करते थे। मंदिरों की दीवारों पर दर्ज शिलालेख बताते हैं कि किसने कितना सोना जमा किया और किसे कितना कर्ज दिया गया। इस तरह मंदिर एक संगठित वित्तीय संस्थान की तरह काम करते थे, जहां आस्था और अर्थव्यवस्था का अनोखा मेल दिखाई देता है। यह व्यवस्था आधुनिक बैंकिंग सिस्टम की शुरुआती झलक मानी जा सकती है।

कैसे शुरू हुआ गोल्ड लोन का मॉडल ?
समय के साथ जब आधुनिक बैंकिंग प्रणाली आई, तब भी तमिलनाडु में सोने पर आधारित वित्तीय मॉडल खत्म नहीं हुआ। चेट्टियार समुदाय ने इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सोने के बदले कर्ज देने की व्यवस्था को संगठित और व्यावसायिक रूप दिया। उन्होंने सोने की शुद्धता जांचने, उसकी वैल्यू तय करने और उसके आधार पर कर्ज देने की प्रणाली विकसित की। आज यही मॉडल Muthoot Finance और Manappuram Finance जैसी कंपनियों के जरिए बड़े स्तर पर काम कर रहा है। इन संस्थानों की खासियत है कि ये कम समय में, न्यूनतम कागजी कार्रवाई के साथ कर्ज उपलब्ध कराते हैं, जिससे आम लोगों के लिए यह सबसे आसान वित्तीय विकल्प बन गया है।

जहां शादियों में सोने से बनता है स्टेटस
तमिलनाडु के सामाजिक जीवन में सोने की भूमिका सबसे ज्यादा शादियों में दिखाई देती है। यहां शादी केवल एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रदर्शन भी होती है। दुल्हन के गहनों की मात्रा और डिजाइन को परिवार की आर्थिक स्थिति से जोड़ा जाता है। मध्यम वर्गीय परिवार भी अपनी हैसियत से ऊपर जाकर 20-25 लाख रुपये तक का सोना खरीदते हैं, जबकि संपन्न परिवारों में यह आंकड़ा करोड़ों तक पहुंच जाता है। खास बात यह है कि शादी में दिया गया सोना छिपाया नहीं जाता, बल्कि उसे खुले तौर पर प्रदर्शित किया जाता है, ताकि समाज में परिवार की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सके। इस परंपरा ने सोने को केवल आभूषण नहीं, बल्कि सामाजिक पहचान का माध्यम बना दिया है।

राजनीति में सोना एक अचूक चुनावी हथियार 
तमिलनाडु में सोने की इस गहरी सामाजिक और आर्थिक अहमियत को अब राजनीतिक दल भी समझ चुके हैं। यही वजह है कि चुनावी वादों में सोना एक प्रमुख मुद्दा बन गया है। अभिनेता-राजनेता विजय ने दुल्हनों को 8 ग्राम सोना देने और नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देने का वादा किया है, जिससे सीधे तौर पर आम लोगों की भावनाओं और जरूरतों को संबोधित किया जा सके। वहीं AIADMK पहले से ही शादी के लिए सोना देने वाली योजनाओं को लागू कर चुकी है। इससे साफ है कि तमिलनाडु में सोना अब सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि राजनीतिक पूंजी भी बन चुका है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content